वाराणसी में हवालात तोड़कर फरार बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार – ऑपरेशन चक्रव्यूह में मिली सफलता

वाराणसी पुलिस ने शुक्रवार आधी रात बड़ी सफलता हासिल की। जैतपुरा थाने की हवालात से फरार हुआ वाहन चोरी का आरोपी आखिरकार पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया गया। फरार आरोपी की पहचान इरशाद उर्फ राजू निवासी भेलूपुर के रूप में हुई है, जिस पर वाहन चोरी समेत कुल 9 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

घटना शुक्रवार रात लगभग 12:30 बजे मालगोदाम मार्ग स्थित हनुमान फाटक रेलवे क्रॉसिंग के पास हुई। पुलिस टीम ने जब आरोपी को घेरने की कोशिश की तो उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने पैर में गोली मारकर आरोपी को घायल कर दबोच लिया।

घटना की जानकारी मिलते ही एडीसीपी सरवणन टी और एसीपी चेतगंज ईशान सोनी मौके पर पहुंचे और घटनाक्रम का जायजा लिया। घायल आरोपी को तुरंत कबीरचौरा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, कारतूस और बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद की है। बाइक के चोरी का होने का भी संदेह जताया जा रहा है।

गौरतलब है कि आरोपी इरशाद उर्फ राजू पिछले रविवार को जैतपुरा थाने की हवालात से फरार हो गया था। उसकी गिरफ्तारी पर डीसीपी काशी जोन ने 25,000 रुपये का इनाम घोषित किया था।

ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत जैतपुरा थाना प्रभारी बृजेश मिश्रा और उनकी टीम लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी। आखिरकार पुलिस की घेराबंदी और सतर्कता के चलते यह फरार आरोपी पकड़ा गया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार और शातिर अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

About The Author

Share the News