वाराणसी नाइट मार्केट पर चला प्रशासनिक बुलडोजर: अनुबंध रद्द, दुकानों पर कार्रवाई, नए स्वरूप में होगा हरित और पर्यटक अनुकूल विकास

लहरतारा-चौकाघाट फ्लाईओवर के नीचे संचालित नाइट मार्केट (अर्बन प्लेसमेकिंग परियोजना) पर वाराणसी विकास प्राधिकरण ने बड़ी कार्रवाई करते हुए परियोजना संचालक संस्था ‘मेसर्स श्रेया इंटरप्राइजेज’ का अनुबंध रद्द कर दिया है। इसके साथ ही सभी दुकानों, ठेलों और वेंडिंग कीओस्क का संचालन भी स्वतः निरस्त हो गया है।

क्यों रद्द हुआ अनुबंध?

प्राधिकरण ने स्पष्ट किया कि संस्था द्वारा न केवल अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन किया गया, बल्कि मानक संचालन न करते हुए अवैध रूप से अधिक दुकानों का आवंटन और संचालन किया गया। इससे स्थानीय नागरिकों, श्रद्धालुओं और दर्शनार्थियों को लगातार असुविधा हो रही थी।

रेलिंग काटकर बनाए गए अवैध यू-टर्न, साफ-सफाई में लापरवाही और कूड़ा प्रबंधन की अनदेखी के चलते यह क्षेत्र दुर्घटना-प्रवण बन चुका था।

FIR दर्ज, दुकानों को खाली कराया गया

इन गंभीर अनियमितताओं के आधार पर संस्था के विरुद्ध IPC की धारा 316(2) के तहत थाना सिगरा में FIR दर्ज कराई गई है। इसके साथ ही नगर निगम और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने 4 जुलाई 2025 को ध्वस्तीकरण अभियान चलाकर दुकानों को हटाया।

अब यहां होगा हरित और सौंदर्यीकृत विकास

प्रशासन ने घोषणा की है कि इस क्षेत्र को पर्यटन और श्रद्धालुओं के स्वागत के अनुरूप सुंदर और व्यवस्थित स्वरूप में बदला जाएगा। इसके लिए दिल्ली की राहगीरी फाउंडेशन के साथ MoU साइन किया गया है।

प्रस्तावित विकास कार्यों में शामिल हैं:

* यातायात प्रबंधन को सुगम बनाने हेतु टेबल टॉप क्रॉसिंग

* ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन, वृहद बागवानी, सुंदर स्कल्पचर व डेकोरेटिव लाइटिंग

* सीटिंग बेंच, पाथवे, वेस्ट मैनेजमेंट और पुनः उपयोग योग्य संसाधनों से निर्माण

* C\&D वेस्ट तकनीक के माध्यम से पुनर्निर्माण

नगर आयुक्त अक्षत वर्मा का बयान

“वाराणसी आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं को शहर में प्रवेश करते ही एक सुखद अनुभव मिले, इसके लिए इस क्षेत्र का कायाकल्प किया जा रहा है। अर्बन प्लेसमेकिंग अब अपने नए, हरित और स्मार्ट स्वरूप में सामने आएगा।”

About The Author

Share the News