पिंडरा तहसील क्षेत्र के खरावन (साधोगंज) गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में गुरुवार को उस समय शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह से ठप हो गई जब स्कूल में पढ़ाने वाले दो शिक्षकों के निलंबन के विरोध में सैकड़ों अभिभावक व छात्र-छात्राएं धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारी अभिभावकों ने विद्यालय में पठन-पाठन बंद कर शिक्षकों की बहाली की मांग करते हुए स्कूल परिसर में जमकर प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों का कहना है कि निलंबित शिक्षक दिनेश व संजय विद्यालय में बेहतर शिक्षण कार्य कर रहे थे। उन्होंने बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए दोनों शिक्षकों को पुनः बहाल कर उसी विद्यालय में संबद्ध करने की मांग की।
इस मामले पर खंड शिक्षा अधिकारी बड़ागांव विजय यादव ने बताया कि लगभग 15 दिन पूर्व विद्यालय में कार्यरत तीन शिक्षकों – उदय सिंह, दिनेश व संजय के बीच आपसी विवाद के चलते मारपीट की घटना हुई थी। इस पर कार्रवाई करते हुए तीनों को निलंबित कर दिया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि निलंबन की प्रक्रिया 45 दिनों की होती है और इसे किसी भी प्रकार के दबाव में आकर वापस नहीं लिया जा सकता।
अभिभावकों का प्रदर्शन देर शाम तक जारी रहा और इस दौरान विद्यालय में पढ़ाई पूरी तरह से बाधित रही। प्रशासन के लिए यह मामला चुनौतीपूर्ण बनता जा रहा है क्योंकि शिक्षा की गुणवत्ता और अनुशासन के बीच संतुलन बनाए रखना जरूरी हो गया है।

More Stories
दुबई कनेक्शन पर कानून का शिकंजा
थाना सिंधोरा में दुष्कर्म का मामला: दो आरोपित हिरासत में
विकास की नब्ज टटोलने काशी पहुंचे