मानसून से पहले एक्शन मोड में नगर निगम

मेयर व नगर आयुक्त ने सड़कों पर उतरकर परखी ड्रेनेज व्यवस्था

वाराणसी। बरसात के मौसम में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए नगर निगम पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। इसी क्रम में सोमवार को मेयर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने शहर के विभिन्न वार्डों का संयुक्त निरीक्षण कर ड्रेनेज सिस्टम की जमीनी हकीकत परखी।

निरीक्षण के दौरान कंदवा-19, सुसुवाही-39 और करौंदी-33 वार्डों में चल रहे नाला सफाई कार्यों की समीक्षा की गई। मेयर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मानसून से पहले सभी छोटे-बड़े नालों की तली झाड़ सफाई सुनिश्चित की जाए, जिससे जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो।

निरीक्षण की शुरुआत चितईपुर क्षेत्र से हुई, जहां मुख्य मार्ग के बड़े नालों और आंतरिक ड्रेनेज लाइनों का जायजा लिया गया। इसके बाद टीम कंचनपुर पोखरी पहुंची, जहां पूर्व में किए गए वृक्षारोपण कार्यों की स्थिति देखी गई। मीरानगर एक्सटेंशन में नाले, शिव नगर कॉलोनी में विकसित हो रहे मियावाकी जंगल और निर्माणाधीन पार्क का भी निरीक्षण किया गया।

अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। चितईपुर से कंदवा मुख्य मार्ग तक सड़क किनारे बनी नालियों की सफाई व्यवस्था की भी समीक्षा की गई।

सुसुवाही वार्ड के आनंदपुरम कॉलोनी में नाला सफाई की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। साथ ही विश्वकर्मा नगर में बन रही आरसीसी रोड और सुसुवाही स्थित वृंदावन पोखरे के सुंदरीकरण कार्य का निरीक्षण कर संबंधित कार्यदायी संस्था को समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

इस दौरान क्षेत्रीय पार्षद सुरेश पटेल, सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव, जोनल अधिकारी इंद्र विजय, जोनल स्वच्छता अधिकारी गजेंद्र सिंह सहित सिविल, जलकल और उद्यान विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

About The Author

Share the News