वाराणसी। लोहता थाना क्षेत्र के अयोध्यापुर गांव में बुधवार को एक दर्दनाक घटना में 13 वर्षीय किशोर की वरुणा नदी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया और सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान अराजक तत्वों द्वारा पुलिस वाहन पर पथराव भी किया गया, जिससे वाहन का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, हैबतपुर गांव निवासी आकाश (13) बुधवार दोपहर अपने दोस्तों—दिव्यांशु, पांचू, आदित्य और अंकुश के साथ वरुणा नदी में नहाने गया था। नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथियों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके। इसके बाद तुरंत डायल 112 पर सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही लोहता थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एनडीआरएफ टीम को बुलाया गया। काफी प्रयास के बाद किशोर का शव नदी से बाहर निकाला गया। शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
परिजनों ने आरोप लगाया कि साथ गए दोस्तों ने ही आकाश को जानबूझकर डुबोकर मार डाला। इस आरोप को लेकर परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो उठे और शाम करीब छह बजे अयोध्यापुर तिराहे के पास लहरतारा-कोटवा मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।
इसी बीच किसी अज्ञात व्यक्ति ने थानाध्यक्ष की गाड़ी पर पत्थर फेंक दिया, जिससे वाहन का अगला शीशा टूट गया। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है और एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

More Stories
क्षेत्रीय हवाई कनेक्टिविटी को मिलेगी नई उड़ान
STF की बड़ी कार्रवाई: 50 हजार का इनामी बदमाश दीपक यादव गिरफ्तार, वाराणसी में छिपकर कर रहा था बचाव
ग्रीन काशी आकार लेने लगा: 350 बीघा में 2.51 लाख पौधों का महावन तैयार