दोबारा अतिक्रमण पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
पिंडरा।
गोमती जोन के एडीसीपी नृपेन्द्र ने रविवार शाम फूलपुर थाने के निरीक्षण के बाद पिंडरा बाजार में पैदल गश्त कर कानून-व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सड़क पर किए गए अतिक्रमण को तत्काल हटवाया और दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
शाम करीब पांच बजे एडीसीपी पुलिस टीम के साथ विधायक मोड़ से बेलवा मोड़ तक पैदल गश्त पर निकले। गश्त के दौरान उन्होंने आमजन से संवाद कर सुरक्षा का भरोसा दिलाया और दुकानदारों को सख्त निर्देश दिया कि सड़क पर अतिक्रमण न करें, जिससे यातायात बाधित न हो।
मौके पर कई स्थानों पर अतिक्रमण हटवाते हुए एडीसीपी ने कहा कि सड़क पर कब्जा कर आवागमन प्रभावित करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि बाजार क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एडीसीपी ने हल्का प्रभारी जितेंद्र यादव को निर्देशित किया कि अतिक्रमण की दोबारा शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही बाजार में नियमित निगरानी और गश्त बढ़ाने पर जोर दिया, ताकि कानून-व्यवस्था पूरी तरह कायम रहे।
इस दौरान थाना प्रभारी फूलपुर अतुल कुमार सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक विनोद त्रिपाठी, चौकी प्रभारी कठिरांव सत्यजीत सिंह, उपनिरीक्षक जितेंद्र यादव, सुनील कुमार यादव, रितेश कुमार, गोविंद यादव तथा महिला उपनिरीक्षक अनुराधा मौर्या सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

More Stories
स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार का भंडाफोड़, 5 गिरफ्तार; संचालक फरार
बाजार के बीच पुलिसिया चेकिंग से मचा हड़कंप, ग्रामीणों में उबाल
महाश्मसान की महिमा: काशी में तीन दिन तक गूंजेगी भक्ति, तंत्र और परंपरा का अद्भुत संगम