महाश्मसान की महिमा: काशी में तीन दिन तक गूंजेगी भक्ति, तंत्र और परंपरा का अद्भुत संगम

वाराणसी। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर काशी के ऐतिहासिक स्थित बाबा महाश्मसान नाथ मंदिर में 23 मार्च से 25 मार्च तक त्रिदिवसीय श्रृंगार महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। यह महोत्सव पंचमी से सप्तमी तक श्रद्धा, आस्था और तांत्रिक परंपराओं के संगम के रूप में मनाया जाएगा।

महोत्सव के प्रथम दिन 23 मार्च (सोमवार) को शास्त्रोक्त विधि-विधान से रुद्राभिषेक, श्रृंगार पूजन एवं आरती का आयोजन किया जाएगा। दूसरे दिन 24 मार्च (मंगलवार) को दोपहर 11 बजे से शाम 4 बजे तक भव्य भंडारे का आयोजन होगा। इसके बाद रात्रि में भजन-कीर्तन एवं जागरण से वातावरण भक्तिमय हो उठेगा।

तीसरे दिन 25 मार्च (बुधवार) को तांत्रोक्त विधि से पूजन एवं अभिषेक के साथ विशेष अनुष्ठान संपन्न होंगे। इस दिन रात्रि में नगर वधुओं द्वारा नित्यांजली प्रस्तुत की जाएगी, जो इस महोत्सव की एक अनूठी और प्राचीन परंपरा है। महाआरती के साथ तीन दिवसीय आयोजन का समापन होगा।

महोत्सव की जानकारी देते हुए अध्यक्ष चैनू प्रसाद गुप्ता, महामंत्री बिहारी लाल गुप्ता एवं मंदिर व्यवस्थापक गुलशन कपूर (काशीपुत्र) ने बताया कि मणिकर्णिका घाट पर चल रहे नव निर्माण कार्य के चलते स्थान की कमी और व्यवस्थागत चुनौतियां बनी हुई हैं। स्थानीय प्रशासन एवं नगर निगम से अपेक्षित सहयोग न मिलने के कारण सभी कार्यक्रम मंदिर परिसर में ही आयोजित किए जाएंगे।

आयोजकों ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय का पालन करें, सुरक्षा व्यवस्था का ध्यान रखें तथा अनुशासन बनाए रखते हुए आयोजन में सहभागिता सुनिश्चित करें।

About The Author

Share the News