पिंडरा/वाराणसी।
बिजली विभाग ने स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए सख्त चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि बकाया होने की स्थिति में अब बिजली आपूर्ति स्वतः (ऑटोमेटिक) बंद कर दी जाएगी। विभाग के अनुसार पिछले दो महीनों से उपभोक्ताओं को कॉल और एसएमएस के माध्यम से बिल बकाया की जानकारी देकर समय पर भुगतान करने के लिए जागरूक किया जा रहा था, लेकिन बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने इसे गंभीरता से नहीं लिया।
विद्युत विभाग ने बताया कि 13 मार्च से सभी प्रीपेड स्मार्ट मीटर को पूर्ण रूप से प्रीपेड मोड में सक्रिय कर दिया गया है। ऐसे में जिन उपभोक्ताओं के खातों में पर्याप्त बैलेंस नहीं है या बकाया है, उनकी बिजली आपूर्ति स्वतः बंद हो रही है। अब तक करीब 40 हजार से अधिक प्रीपेड स्मार्ट मीटर बंद किए जा चुके हैं।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि एक बार स्मार्ट मीटर ऑटोमेटिक बंद हो जाने के बाद उसे मैन्युअल रूप से चालू करने का कोई प्रावधान नहीं है। यहां तक कि अधिशासी अभियंता, उपखंड अधिकारी या मुख्य अभियंता स्तर से भी इसे सीधे चालू नहीं किया जा सकता।
बिजली सप्लाई दोबारा चालू कराने की प्रक्रिया
बिजली आपूर्ति पुनः चालू कराने के लिए उपभोक्ताओं को अपने मीटर का पूरा बकाया एकमुश्त जमा करना होगा। इसके साथ ही कम से कम 1000 रुपये की अग्रिम राशि का रिचार्ज कराना अनिवार्य होगा।
भुगतान के लिए विभाग ने UPPCL Smart App के उपयोग की सलाह दी है। विभाग का कहना है कि Google Pay, PhonePe या अन्य थर्ड पार्टी प्लेटफॉर्म से भुगतान करने पर मीटर तुरंत सक्रिय होने में समस्या आ सकती है, इसलिए आधिकारिक ऐप के माध्यम से ही रिचार्ज करना अधिक सुरक्षित और प्रभावी रहेगा।
विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे हर महीने अपनी संभावित बिजली खपत के अनुसार अग्रिम रिचार्ज बनाए रखें तथा मोबाइल ऐप के जरिए दैनिक खपत और बैलेंस की नियमित निगरानी करते रहें, ताकि बिजली आपूर्ति बाधित न हो।

More Stories
मां विंध्यवासिनी धाम पहुंचे CM योगी, नवरात्रि से पहले तैयारियों का लिया जायजा
बार व बेंच एक-दूसरे के पूरक — जज सत्यम सिंघलपिंडरा तहसील में बार-बेंच की बैठक संपन्न
पिंडरा ब्लॉक के 14 न्याय पंचायतों में शिक्षण संकुल बैठक आयोजित