पिंडरा, वाराणसी।
पिंडरा तहसील स्थित ग्राम न्यायालय में तैनात पेशकार विनोद कुमार पर अधिवक्ताओं के साथ दुर्व्यवहार और वादकारियों से अवैध धन वसूली के आरोप को लेकर सोमवार को पिंडरा तहसील बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने आपात बैठक की। बैठक लाइब्रेरी भवन में आयोजित की गई, जिसमें अधिवक्ताओं ने मामले पर गहरी नाराजगी जताते हुए सांकेतिक हड़ताल की।
बैठक में पूर्व अध्यक्ष श्रीनाथ गौड़ के प्रस्ताव पर अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि ग्राम न्यायालय में तैनात पेशकार का व्यवहार अधिवक्ताओं और वादकारियों के प्रति अनुचित है तथा उनसे अवैध धन वसूली की शिकायतें भी सामने आई हैं। अधिवक्ताओं का कहना है कि इस संबंध में पूर्व में भी ग्राम न्यायालय के जज से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
बैठक के बाद बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों का एक प्रतिनिधिमंडल बार अध्यक्ष प्रीतराज माथुर के नेतृत्व में ग्राम न्यायालय के जज सत्यम सिंघल से मिला और उन्हें एक पत्रक सौंपते हुए पेशकार को तत्काल हटाने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो अधिवक्ता कार्य बहिष्कार करने के लिए बाध्य होंगे।
दूसरी ओर पेशकार की ओर से भी जनपद न्यायाधीश वाराणसी को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया गया है कि 14 मार्च 2026 को लोक अदालत के दौरान कुछ लोगों ने न्यायालय परिसर में उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की तथा उनकी जेब से करीब 1.50 लाख रुपये निकाल लिए। उन्होंने इस मामले में श्रीनाथ गौड़, उनके बेटे विपिन गौड़ सहित अन्य लोगों पर आरोप लगाते हुए आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
मामले को लेकर न्यायालय परिसर में चर्चा का माहौल बना हुआ है और दोनों पक्षों की ओर से शिकायत दिए जाने के बाद अब सबकी नजर प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी है।

More Stories
दरोगा भर्ती परीक्षा मामले पर CM योगी सख्त, पेपर सेटर्स को कड़ी चेतावनी
विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: वाराणसी में डीएम ने अधिकारियों को दी सख्त चेतावनी
चैत्र नवरात्र पर वाराणसी में मीट-मछली की दुकानें रहेंगी बंद, नगर निगम का फैसला