पिंडरा। फूलपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह हुए सड़क हादसे में साइकिल से मजदूरी करने जा रहे एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद हाइड्रा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जौनपुर जिले के जलालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत लहंगपुर (अटहनू) निवासी प्रदीप गोंड (35) पुत्र गुलाब गोंड सोमवार सुबह लगभग 9 बजे साइकिल से मजदूरी करने जा रहे थे। इसी दौरान यूपीएसआईडीसी स्थित अमूल बनास कंपनी के पास गलत दिशा से आ रही एक हाइड्रा ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने घायल प्रदीप गोंड को तत्काल पिंडरा स्थित विजय लक्ष्मी अस्पताल पहुंचाया, जहां हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उन्हें वाराणसी लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बताया जाता है कि मृतक के दो छोटे-छोटे बच्चे हैं और वह मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। पत्नी शांति देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक के चचेरे भाई भइयालाल ने फूलपुर थाने में तहरीर दी है। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है।

More Stories
दरोगा भर्ती परीक्षा मामले पर CM योगी सख्त, पेपर सेटर्स को कड़ी चेतावनी
विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: वाराणसी में डीएम ने अधिकारियों को दी सख्त चेतावनी
चैत्र नवरात्र पर वाराणसी में मीट-मछली की दुकानें रहेंगी बंद, नगर निगम का फैसला