विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: वाराणसी में डीएम ने अधिकारियों को दी सख्त चेतावनी

वाराणसी। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विकास प्राथमिकता वाले कार्यक्रमों तथा सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में जिलाधिकारी ने विकास से जुड़े 37 प्रमुख बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी विभागों को योजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक तेजी और पारदर्शिता के साथ पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।

समीक्षा के दौरान फैमिली आईडी, पीएम पोषण योजना, दशमोत्तर छात्रवृत्ति व शुल्क प्रतिपूर्ति, आयुष्मान कार्ड, पशुधन विभाग, टीकाकरण, ऑपरेशन कायाकल्प, प्रधानमंत्री आवास (शहरी), एनआरएलएम, मनरेगा, मुख्यमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, आंगनबाड़ी पोषण अभियान और कौशल विकास मिशन सहित कई योजनाओं की प्रगति का आकलन किया गया।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि नई सड़कों के निर्माण तथा सड़कों के अनुरक्षण कार्यों में लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित की जाए। साथ ही प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक किसानों की केवाईसी प्रक्रिया पूर्ण कराने पर भी जोर दिया।

उन्होंने समाज कल्याण अधिकारी को लंबित छात्रवृत्ति डाटा शीघ्र अग्रसारित करने तथा पंचायती राज विभाग को खराब प्रदर्शन करने वाले ग्रामों की समीक्षा कर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि वित्तीय वर्ष समाप्ति के करीब है, इसलिए सभी विभाग अपने बजट की समीक्षा कर आवंटित धनराशि का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित करें और प्रस्तावित कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराएं।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author

Share the News