दरोगा भर्ती परीक्षा मामले पर CM योगी सख्त, पेपर सेटर्स को कड़ी चेतावनी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस उप निरीक्षक (SI) भर्ती परीक्षा के प्रश्न पत्र से जुड़े विवाद को लेकर मुख्यमंत्री ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री ने सभी भर्ती बोर्ड के चेयरमैन को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी व्यक्ति, जाति, पंथ या संप्रदाय की आस्था पर अमर्यादित टिप्पणी किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगी।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि भर्ती परीक्षाओं के प्रश्न पत्र तैयार करते समय इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए कि किसी भी वर्ग की भावनाएं आहत न हों। उन्होंने सभी भर्ती बोर्डों को यह भी निर्देशित किया कि पेपर सेटर्स को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए जाएं और ऐसे मामलों में शामिल हैबिचुअल ऑफेंडर्स को तत्काल प्रतिबंधित किया जाए। साथ ही इस विषय को पेपर सेटर्स के एमओयू का हिस्सा बनाने के भी निर्देश दिए गए हैं।

बारिश से फसल नुकसान पर भी मुख्यमंत्री की नजर

मुख्यमंत्री ने रविवार सुबह पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हुई बारिश से फसलों को संभावित नुकसान की जानकारी भी ली। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि फील्ड में जाकर किसानों से संवाद करें और फसलों के नुकसान का तत्काल आकलन सुनिश्चित करें।

मुख्यमंत्री ने राहत आयुक्त को भी निर्देशित किया कि वे फील्ड में मौजूद अधिकारियों के साथ समन्वय बनाए रखें और फसल क्षति का आकलन प्राप्त कर समय पर किसानों को मुआवजा दिलाने की व्यवस्था सुनिश्चित करें। सरकार का कहना है कि किसानों को किसी भी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

About The Author

Share the News