साक्षर बनने की चाह: पिंडरा ब्लॉक के 146 केंद्रों पर 880 निरक्षरों ने दी परीक्षा

पिंडरा, वाराणसी।
नव साक्षर भारत मिशन कार्यक्रम के तहत पिंडरा ब्लॉक के 146 परीक्षा केंद्रों पर रविवार को निरक्षर महिला-पुरुषों ने साक्षर बनने की दिशा में कदम बढ़ाते हुए परीक्षा दी। परीक्षा को लेकर प्रतिभागियों में उत्साह देखने को मिला। कोई धोती-कुर्ता में तो कोई घूंघट की ओट में परीक्षा देने केंद्र पर पहुंचा।

परीक्षा की तैयारी के लिए बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षक सुबह 10 बजे से ही केंद्रों पर पहुंच गए थे। परीक्षार्थियों के लिए एक दिन पहले ही विकल्प आधारित प्रश्न पुस्तिकाएं केंद्रों पर उपलब्ध करा दी गई थीं। परीक्षा में पढ़ने, लिखने और संख्या से जुड़े प्रश्न शामिल थे, जिनके लिए कुल 150 अंक निर्धारित किए गए थे। परीक्षार्थियों को खासकर पढ़ने और संख्या आधारित प्रश्नों को हल करने में कुछ कठिनाई का सामना करना पड़ा।

इस संबंध में जानकारी देते हुए ब्लॉक गुणवत्ता समन्वयक विशाल सेठ ने बताया कि निरक्षर से साक्षर बनाने के उद्देश्य से पिंडरा ब्लॉक के 146 परीक्षा केंद्रों पर यह परीक्षा आयोजित की गई। इसमें कुल 980 निरक्षर महिला-पुरुष पंजीकृत थे, जिनमें से 880 लोग परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा देने वालों में 738 महिलाएं और 142 पुरुष शामिल रहे। परीक्षा सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक परीक्षार्थियों की सुविधा अनुसार आयोजित की गई।

उन्होंने बताया कि इस पहल का उद्देश्य समाज में शिक्षा का प्रसार करना और निरक्षर लोगों को साक्षर बनाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।

About The Author

Share the News