लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस उप निरीक्षक (SI) भर्ती परीक्षा के प्रश्न पत्र को लेकर उठे विवाद पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कड़ा रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री ने सभी भर्ती बोर्डों के चेयरमैन को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी व्यक्ति, जाति, पंथ या संप्रदाय की आस्था पर अमर्यादित टिप्पणी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं के प्रश्न पत्र तैयार करते समय यह विशेष ध्यान रखा जाए कि किसी भी वर्ग की भावनाएं आहत न हों। उन्होंने निर्देश दिया कि पेपर सेटर्स को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए जाएं और ऐसे मामलों में शामिल हैबिचुअल ऑफेंडर्स को तत्काल प्रतिबंधित किया जाए। साथ ही ऐसे प्रावधानों को पेपर सेटर्स के एमओयू (समझौता पत्र) का हिस्सा बनाने के भी निर्देश दिए गए हैं।
बारिश से फसल नुकसान पर भी मुख्यमंत्री की नजर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार सुबह पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हुई बारिश से फसलों को संभावित नुकसान की भी जानकारी ली। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे फील्ड में जाकर किसानों से संवाद करें और फसलों के नुकसान का तत्काल आकलन करें।
मुख्यमंत्री ने राहत आयुक्त को भी निर्देशित किया कि वे फील्ड में मौजूद अधिकारियों के साथ समन्वय बनाए रखें और फसल क्षति का आकलन प्राप्त कर समय पर किसानों को मुआवजा दिलाने की व्यवस्था सुनिश्चित करें।
सरकार का कहना है कि किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
— रॉयल शाइन टाइम्स

More Stories
कांशीराम जयंती पर निशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 486 लोगों ने कराया पंजीकरण
UPRSL: वाराणसी जोन ग्रामीण खेल प्रतियोगिता में खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन, कई जिलों ने जीते खिताब
नाले से गैस निकालने के प्रदर्शन पर पुलिस की सख्ती, सिलेंडर जब्त