बेटों की उपेक्षा से परेशान बुजुर्ग महिला संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिली

पारिवारिक तनाव से जूझ रही थी महिला, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

पिंडरा।
क्षेत्र के मंगारी बाजार में शनिवार सुबह एक बुजुर्ग महिला संदिग्ध परिस्थितियों में अपने कमरे में मृत अवस्था में मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बताया जाता है कि 81 वर्षीय शांति देवी के तीन बेटे और एक बेटी हैं। बड़े बेटे अशोक चौरसिया, मझले बेटे धनश्याम चौरसिया, छोटे बेटे मनोज चौरसिया और सबसे छोटी संतान मुन्ना देवी हैं। सभी की शादी हो चुकी है।

जानकारी के अनुसार शांति देवी पिछले कुछ समय से अपने छोटे बेटे मनोज चौरसिया के साथ रह रही थीं। परिजनों के मुताबिक बीते करीब दो वर्षों से परिवार में चल रहे तनाव और आपसी मनमुटाव के कारण वह मानसिक रूप से काफी परेशान रहती थीं। बताया जा रहा है कि मझला बेटा धनश्याम चौरसिया उन्हें नियमित रूप से भोजन कराता था।

शनिवार सुबह जब परिजन कमरे में पहुंचे तो शांति देवी मृत अवस्था में पड़ी थीं। घटना की सूचना मिलते ही फूलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

फूलपुर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर ली है और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला मानसिक तनाव से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।

बुजुर्ग महिला की मौत के बाद इलाके में शोक का माहौल है। स्थानीय लोग इसे परिवारिक रिश्तों में बढ़ती दूरी और बुजुर्गों की उपेक्षा का दर्दनाक उदाहरण मान रहे हैं।

About The Author

Share the News