लखनऊ। लखनऊ से कोलकाता जाने वाली इंडिगो की एक फ्लाइट में सोमवार सुबह तकनीकी खराबी सामने आने से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। खास बात यह रही कि इस विमान में उत्तर प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक भी सवार थे।
जानकारी के अनुसार इंडिगो की फ्लाइट 6E-505 सोमवार सुबह 7:40 बजे चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (अमौसी), लखनऊ से कोलकाता के लिए उड़ान भरने वाली थी। टेकऑफ से ठीक पहले विमान में तकनीकी खराबी का संकेत मिलने पर उसे रनवे से पहले ही रोक दिया गया।
बताया जाता है कि इस दौरान यात्री करीब एक घंटे तक विमान के अंदर ही बैठे रहे। सूचना मिलते ही एयरपोर्ट पर मौजूद इंजीनियरों की टीम ने विमान की तत्काल जांच की और तकनीकी समस्या को दूर किया। इसके बाद विमान को उड़ान की अनुमति दी गई और लगभग एक घंटे की देरी से फ्लाइट कोलकाता के लिए रवाना हुई।
दो दिन पहले हेलीकॉप्टर में भी आई थी खराबी
गौरतलब है कि दो दिन पहले ही उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के हेलीकॉप्टर में भी तकनीकी खराबी आ गई थी। वह लखनऊ से कौशांबी जा रहे थे, तभी उड़ान भरने के कुछ मिनट बाद हेलीकॉप्टर के केबिन में धुआं भर गया था।
स्थिति को देखते हुए पायलट ने सूझबूझ का परिचय देते हुए हेलीकॉप्टर की अमौसी एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई थी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया था।
फिलहाल इंडिगो फ्लाइट की तकनीकी खराबी दूर होने के बाद दोनों उपमुख्यमंत्री सहित सभी यात्री सुरक्षित अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए।

More Stories
सारनाथ के इतिहास में सुधार: ASI ने बाबू जगत सिंह की भूमिका को दी आधिकारिक मान्यता
व्यापार मंडल के तत्वावधान में धूमधाम से मनाया गया होली मिलन समारोह
सिलेंडर में लगी आग से फ्लोर डीजे व लाइटिंग सिस्टम जला, लाखों का नुकसान