वाराणसी। में वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतिम महीने में नगर निगम ने बकाया संपत्ति कर वसूली अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में सप्तसागर दवा मंडी क्षेत्र में बड़े बकायेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए नगर निगम की टीम ने मौके पर ही 10.30 लाख रुपये का संपत्ति कर जमा कराया।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर कोतवाली जोन के जोनल अधिकारी मृत्युंजय नारायण मिश्रा के नेतृत्व में नगर निगम की टीम ने क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया। जांच के दौरान पता चला कि सप्तसागर दवा मंडी में करीब 175 मकान और व्यावसायिक प्रतिष्ठान ऐसे हैं, जिनके मालिकों और दुकानदारों ने कई वर्षों से संपत्ति कर जमा नहीं किया है। इन पर कुल मिलाकर लगभग 5 करोड़ रुपये से अधिक का कर बकाया है।
नगर निगम अधिकारियों और राजस्व निरीक्षकों द्वारा पहले भी कई बार भवन स्वामियों और दुकानदारों को नोटिस जारी कर बकाया कर जमा करने के लिए कहा गया था, लेकिन इसके बावजूद भुगतान नहीं किया गया।
शनिवार को नगर निगम की टीम जब मौके पर पहुंची और बकायेदारों से तत्काल कर जमा करने को कहा, तो कुछ लोगों ने विरोध भी किया। इसके बाद निगम की टीम ने नियमानुसार तालाबंदी की कार्रवाई शुरू कर दी। कार्रवाई होते देख दुकानदारों और भवन स्वामियों ने मौके पर ही 10.30 लाख रुपये का संपत्ति कर जमा कर दिया।
साथ ही बकायेदारों ने आश्वासन दिया कि वे 31 मार्च 2026 से पहले अपना शेष बकाया संपत्ति कर भी जमा कर देंगे।
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बकाया संपत्ति कर वसूली अभियान लगातार जारी रहेगा और बड़े बकायेदारों के खिलाफ तालाबंदी सहित अन्य कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

More Stories
एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई: 50-50 हजार के इनामी अंतरराज्यीय गौ-तस्कर पदमा और सज्जाद गिरफ्तार
महिला दिवस पर महिलाओं को रोजगार और सम्मान, मुख्यमंत्री ने सीता देवी से किया संवाद
एम्बुलेंस की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत, पुत्र घायल