सिलेंडर में लगी आग से फ्लोर डीजे व लाइटिंग सिस्टम जला, लाखों का नुकसान

पिंडरा (वाराणसी)। फूलपुर थाना क्षेत्र के फूलपुर बाजार स्थित सामुदायिक भवन में सोमवार दोपहर गैस सिलेंडर में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आने से फ्लोर डीजे और लाइटिंग सिस्टम जलकर नष्ट हो गए, जिससे लगभग पांच लाख रुपये के नुकसान की बात सामने आई है।

जानकारी के अनुसार फूलपुर बाजार निवासी कल्लू भूजा की भतीजी की बारात सोमवार को आनी थी। बारात के स्वागत और अन्य कार्यक्रमों की तैयारियां घर के सामने स्थित सामुदायिक भवन में की जा रही थीं। कार्यक्रम के लिए फूलपुर के शीतल मोदनवाल द्वारा फ्लोर डीजे और लाइटिंग सिस्टम लगाया गया था, जबकि चाट-फुल्की का स्टॉल फूलपुर निवासी रामजी अग्रहरि द्वारा लगाया गया था।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक चाट बनाते समय गैस सिलेंडर में गैस कम होने पर उसे जमीन पर उल्टा किया गया। इसी दौरान अचानक सिलेंडर का पाइप निकल गया और गैस का रिसाव होने लगा। देखते ही देखते गैस ने आग पकड़ ली और आग तेजी से फैलकर पास में लगे फ्लोर डीजे और लाइटिंग उपकरणों को अपनी चपेट में ले लिया।

आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चाट बनाने वाले कारीगर वहां से भाग निकले। इसी दौरान डेकोरेशन का काम कर रहे फूलपुर निवासी राहुल गुप्ता ने साहस का परिचय देते हुए अपनी जान की परवाह किए बिना आग बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद उन्होंने आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। उनके इस साहसिक प्रयास की स्थानीय लोगों द्वारा सराहना की जा रही है।

घटना की सूचना पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल के बाद वापस लौट गई। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन आग से लाखों रुपये के डीजे और लाइटिंग उपकरण जलकर नष्ट हो गए।

About The Author

Share the News