महिला दिवस पर महिलाओं को रोजगार और सम्मान, मुख्यमंत्री ने सीता देवी से किया संवाद

वाराणसी/लखनऊ। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं को रोजगार, सम्मान और सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान करने के उद्देश्य से लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान स्थित जुपिटर ऑडिटोरियम में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

इस अवसर पर पिंक रोजगार महाकुंभ-2026 के तहत 5000 से अधिक महिलाओं को रोजगार के ऑफर दिए गए। साथ ही रोजगार उपलब्ध कराने के लिए रोजगार संगम मोबाइल प्लेटफॉर्म का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में 94 नव नियुक्त मुख्य सेविकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। इसके साथ ही उत्कृष्ट महिला कर्मियों और बालिकाओं को सम्मानित किया गया तथा नारी शक्ति पुरस्कार और कन्या सुमंगला योजना की लाभार्थी बालिकाओं को चेक भी प्रदान किए गए।

इसके अलावा आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों के बीमा प्रीमियम और साड़ी/वर्दी के लिए लगभग 38.49 करोड़ रुपये की धनराशि डीबीटी के माध्यम से उनके खातों में हस्तांतरित की गई।

वाराणसी में कार्यक्रम का सजीव प्रसारण

जनपद में इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कमिश्नरी सभागार में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एमएलसी एवं जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, सेवापुरी विधायक की प्रतिनिधि अदिति पटेल, मंडलायुक्त एस. राजलिंगम और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

इस दौरान राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, जिला प्रोबेशन कार्यालय और जिला कार्यक्रम कार्यालय के विभिन्न लाभार्थियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।

मुख्यमंत्री ने सीता देवी से किया संवाद

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से वाराणसी के हरसोस गांव की बीसी सखी सीता देवी से संवाद किया। सीता देवी ने बताया कि सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने के बाद उनके परिवार की आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है।

उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी के बच्चों तक भोजन पहुंचाने के लिए ई-रिक्शा चलाना उन्हें गर्व और खुशी का अनुभव कराता है और इससे गांव की अन्य महिलाएं भी प्रेरित हो रही हैं।

मिर्जामुराद क्षेत्र में स्वयं सहायता समूह की महिलाएं ई-रिक्शा चलाकर आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश कर रही हैं।

कार्यक्रम में जिला प्रोबेशन कार्यालय के निराश्रित महिला पेंशन और मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के लाभार्थी भी उपस्थित रहे। वहीं रामनगर स्थित राजकीय बाल गृह की छात्रा दुर्गा को कक्षा 10 में 85 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर राज्य स्तर पर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर सीडीओ प्रखर कुमार सिंह, डीसी एनआरएलएम पवन कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी डीके सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और लाभार्थी उपस्थित रहे।

About The Author

Share the News