सोरांव तहसील में घूसकांड: एंटी करप्शन टीम ने दो लेखपालों को एक लाख लेते किया गिरफ्तार

प्रयागराज। एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सोरांव तहसील के दो राजस्व लेखपालों को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में एक महिला लेखपाल भी शामिल है।

भ्रष्टाचार निवारण संगठन, प्रयागराज मंडल की ट्रैप टीम ने शिकायत के आधार पर जाल बिछाया और जैसे ही रकम का लेन-देन हुआ, दोनों को मौके से दबोच लिया। कार्रवाई मलाका इलाके में की गई।

रिपोर्ट लगाने के नाम पर मांगी थी घूस

भुक्तभोगी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि मकान निर्माण को न रोकने और मनमाफिक आख्या (रिपोर्ट) लगाने के नाम पर एक लाख रुपये की मांग की जा रही है। शिकायत की पुष्टि के बाद टीम ने ट्रैप की योजना बनाई और दोनों आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ लिया।

ये हैं गिरफ्तार आरोपी

  • राजशेखर सिंह – राजस्व लेखपाल, क्षेत्र मलाक हरहर, तहसील सोरांव
  • जूही मिश्रा – राजस्व लेखपाल, क्षेत्र टिकरी, तहसील सोरांव (मूल निवासी लक्ष्मणपुर, थाना टांडा, अंबेडकरनगर; हाल पता न्यायनगर, थाना धूमनगंज)

दोनों के खिलाफ थाना शिवकुटी में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल टीम दोनों से पूछताछ कर रही है।


रिश्वत मांगे तो यहां करें शिकायत

यदि किसी भी सरकारी विभाग में कर्मचारी या अधिकारी रिश्वत की मांग करता है, तो तत्काल भ्रष्टाचार निवारण संगठन, प्रयागराज मंडल के मोबाइल नंबर 9454402490 या भ्रष्टाचार निवारण संगठन मुख्यालय लखनऊ कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 9454402484 पर संपर्क कर शिकायत दर्ज कराएं। शिकायत पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।


रॉयल शाइन टाइम्स
“सच की चमक, हर खबर पर नजर”

About The Author

Share the News