वार्षिकोत्सव के दौरान निपुण बच्चे हुए पुरस्कृत

पिंडरा।
पिंडरा विकास खण्ड के प्राथमिक विद्यालय जमापुर में गुरुवार को वार्षिकोत्सव समारोह धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के मेधावी एवं निपुण छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य अरुण सिंह बिन्नी ने कहा कि आज परिषदीय विद्यालयों की स्थिति में व्यापक परिवर्तन हुआ है। सरकारी विद्यालय अब अपने संस्कार, अनुशासन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के बल पर निजी स्कूलों को टक्कर दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा विद्यालयों का लगातार कायाकल्प किया जा रहा है, जिससे शिक्षा का स्तर बेहतर हुआ है।

समारोह का शुभारंभ अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, संगीत एवं मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर अभिभावकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से बच्चों का उत्साह बढ़ाया।

कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए गए। समारोह की अध्यक्षता प्रधानाध्यापक विनोद कश्यप ने की, संचालन डॉ. राजीव गौतम ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन संजय गुप्ता द्वारा किया गया।

इस अवसर पर अरविंद वर्मा, तेजबहादुर, सरिता देवी, रीता देवी, निर्मला, बसन्ती देवी, सुषमा देवी सहित अनेक महिला एवं पुरुष अभिभावक उपस्थित रहे।

— रॉयल शाइन टाइम्स

About The Author

Share the News