राजकीय आयुर्वेद संस्थान के चिकित्सकों ने किया अमूल व एग्रो पार्क का भ्रमण

पिंडरा।
राजकीय आयुर्वेदिक संस्थान, चौकाघाट के प्रशिक्षणाधीन चिकित्सकों के 35 सदस्यीय दल ने शनिवार को औद्योगिक भ्रमण के तहत करखियांव स्थित इंडस्ट्रियल एरिया का दौरा कर खाद्य प्रसंस्करण उद्योग की कार्यप्रणाली को नजदीक से समझा।

दल ने करखियांव स्थित प्लांट तथा माँ दुर्गा फूड प्रोडक्ट्स के उत्पादन इकाई का भ्रमण किया। चिकित्सकों ने दूध की पैकिंग, भंडारण और गुणवत्ता नियंत्रण की प्रक्रियाओं का अवलोकन किया। इसके साथ ही एलएलपी कोहिनूर आटा, मैदा व सूजी निर्माण से जुड़े प्लांट का सूक्ष्म निरीक्षण किया।

भ्रमण का मुख्य उद्देश्य खाद्य प्रसंस्करण उद्योग की कार्यप्रणाली, गुणवत्ता नियंत्रण, स्वच्छता मानकों और खाद्य सुरक्षा नियमों के अनुपालन को समझना रहा। एग्रो पार्क वेलफेयर सोसाइटी के उपाध्यक्ष बृजेश गुप्ता ने प्रशिक्षु चिकित्सकों को कच्चे गेहूं की सफाई, ग्रेडिंग, पिसाई, छनाई और पैकेजिंग की आधुनिक तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी। विशेषज्ञों ने बताया कि किस प्रकार तकनीकी मानकों का पालन करते हुए उत्पादों की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाती है।

चिकित्सकों ने उत्पादन इकाई में अपनाई जा रही स्वच्छता व्यवस्था, मशीनरी के रखरखाव और कर्मचारियों की सुरक्षा से जुड़े पहलुओं का भी गहन अध्ययन किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के औद्योगिक भ्रमण से आयुर्वेदिक चिकित्सा के साथ-साथ पोषण, आहार विज्ञान और जनस्वास्थ्य की समझ को व्यापक बनाने में मदद मिलती है।

संस्थान के अधिकारियों ने इसे प्रशिक्षण कार्यक्रम का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए कहा कि व्यवहारिक अनुभव से चिकित्सकों का दृष्टिकोण विस्तृत होता है, जो भविष्य में जनहित से जुड़े कार्यों में सहायक सिद्ध होगा। भ्रमण के अंत में प्रशिक्षुओं ने प्लांट प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया।

About The Author

Share the News