बड़ागांव में तालाब की रखवाली कर रहे युवक की संदिग्ध हालात में मौत

बड़ागांव (वाराणसी)। थानाक्षेत्र के कुंभापुर गांव स्थित एक तालाब की रखवाली करने वाले 25 वर्षीय युवक की लाश रविवार सुबह उसी तालाब में उतरायी हुई मिली। घटना से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। समाचार लिखे जाने तक परिजनों की ओर से किसी प्रकार की तहरीर नहीं दी गई थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कुंभापुर गांव में स्थित उक्त तालाब में मत्स्य पालन किया जा रहा था, जिसकी देखरेख चिलबिला गांव निवासी राम अवतार उर्फ फत्ते राजभर (25) पुत्र भग्गू राजभर द्वारा की जाती थी। ग्रामीणों के अनुसार वह शराब पीने का आदी था और शनिवार से गांव में दिखाई नहीं दे रहा था।

रविवार सुबह जब ग्रामीण तालाब की ओर गए तो पानी में एक शव उतराता दिखा। तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलवाया, जिसकी पहचान तालाब के रखवाले राम अवतार के रूप में हुई।

मृतक एक बहन और दो भाइयों में सबसे छोटा बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

About The Author

Share the News