मिर्ज़ापुर।
सोशल मीडिया पर सोमवार को विंध्याचल मंदिर परिसर से जुड़ा एक वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। वीडियो में एक पुलिसकर्मी पर मंदिर परिसर में मौजूद एक दिव्यांग व्यक्ति के साथ लाठी से मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में थानाध्यक्ष विंध्याचल ने बताया कि संबंधित व्यक्ति गेट नंबर–02 के पास दर्शनार्थियों से पैसे मांग रहा था तथा कथित रूप से नशे की हालत में था। दर्शनार्थियों की शिकायत पर मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी द्वारा उसे परिसर से हटाने का प्रयास किया गया, लेकिन वह नहीं माना। इसी दौरान पुलिसकर्मी द्वारा बल प्रयोग किए जाने की बात सामने आई है।
प्रथम दृष्टया प्रकरण को पुलिस दुर्व्यवहार से जुड़ा मानते हुए आरोपी उपनिरीक्षक सुनील कुमार राय को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है। साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के आदेश जारी किए गए हैं।
पुलिस प्रशासन ने क्षेत्राधिकारी नगर को निर्देश दिया है कि प्रकरण की विस्तृत जांच कर तीन दिवस के भीतर जांच आख्या प्रस्तुत की जाए। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उत्तर प्रदेश पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी स्तर पर अनुशासनहीनता या दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

More Stories
भूमि अधिग्रहण के खिलाफ किसानों की सभा नाकाम, पुलिस सख्ती से नेता भूमिगत
31 मार्च तक खास सुविधा: छुट्टियों में भी खुलेंगे रजिस्ट्रेशन ऑफिस और टैक्स काउंटर, वरना लगेगा जुर्माना
अब सड़कों पर कूड़ा मिला तो जिम्मेदार होंगे अफसर: वाराणसी में स्वच्छता पर सख्त हुए मंत्री ए.के. शर्मा