पिंडरा।
पिंडरा महोत्सव के तीसरे एवं अंतिम दिन प्रसिद्ध कवयित्री अनामिका अम्बर की ओजस्वी रचनाओं ने पूरे वातावरण को राममय बना दिया। मंच पर पहुंचते ही श्रोताओं ने ‘यूपी का का बा’ की जोरदार मांग की, जिसे कवयित्री ने पूरे प्रभावशाली अंदाज में प्रस्तुत कर खूब वाहवाही बटोरी।
इसके बाद उन्होंने सामाजिक समरसता और मानवता का संदेश देती हुई पंक्तियां—
“मेरा ईश्वर तेरा अल्लाह, मालिक सबके एक है…”
सुनाकर तालियों की गूंज पैदा कर दी। वहीं राष्ट्रहित से जुड़ी तीखी रचना के माध्यम से पाकिस्तान को नसीहत देते हुए कही गई पंक्तियों पर श्रोताओं ने जमकर करतल ध्वनि की।
करीब एक घंटे तक मंच संभालने के बाद जब उन्होंने
“तय कर लो अब सत्य सनातन छाया हो शासन पर…”
और “जय श्रीराम, जय श्रीराम” की गूंज के साथ अपनी प्रस्तुति दी, तो पूरा पंडाल खड़े होकर साथ गाने लगा।
कवयित्री अनामिका अम्बर ने देशभक्ति, सनातन संस्कृति और सामाजिक एकता पर आधारित एक से बढ़कर एक रचनाओं से समां बांध दिया। सामाजिक सौहार्द का संदेश देते हुए उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित समाजसेवी गुलाम मुहम्मद को मंच पर बुलाकर सम्मानित भी किया।
🎶 अंतिम दिन नामचीन कलाकारों की प्रस्तुतियों से सजी संध्या
महोत्सव के समापन दिवस पर सुर संग्राम विजेता मोहन राठौर, प्रसिद्ध गायिका निशा उपाध्याय, वीरेंद्र भारती, गोपाल राय, टी-सीरीज़ के गायक अजित आनंद, अमित मिश्रा एवं गायिका विदुषी वर्मा ने अपनी-अपनी प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। सभी कलाकारों को मंच से अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया।
🎂 विधायक डॉ. अवधेश सिंह का जन्मोत्सव, कार्यकर्ताओं ने भेंट की चांदी की मुकुट व तलवार
पिंडरा।
पिंडरा महोत्सव के अंतिम दिन गुरुवार को पिंडरा विधायक डॉ. अवधेश सिंह का जन्मदिन मंच पर विशाल केक काटकर हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विधायक ने कहा कि क्षेत्र की जनता और शुभचिंतकों से मिले सम्मान को वह ब्याज समेत चुकता करेंगे, चाहे इसके लिए उन्हें अपना सर्वस्व ही क्यों न न्योछावर करना पड़े।
जन्मोत्सव के दौरान समाजसेवियों द्वारा चांदी का मुकुट एवं चांदी की तलवार भेंट की गई। केक कटने के बाद कार्यकर्ताओं और अतिथियों को मिष्ठान वितरण कराया गया। समारोह में जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ अधिकारियों, भाजपा पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।
♿ पिंडरा महोत्सव में सैकड़ों लाभार्थियों को मिला सरकारी योजनाओं का लाभ
पिंडरा।
पिंडरा महोत्सव के तीसरे एवं अंतिम दिन जन सशक्तिकरण अभियान के तहत जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के तत्वावधान में 167 दिव्यांग महिला-पुरुषों एवं बच्चों को निःशुल्क सहायक उपकरण वितरित किए गए। इनमें 123 ट्राईसाइकिल, 13 व्हीलचेयर, 12 श्रवण यंत्र, 7 स्मार्ट केन शामिल हैं।
इसके अलावा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के अंतर्गत 5 लाभार्थियों को 20 लाख रुपये का ऋण, विश्वकर्मा योजना के तहत 51 महिलाओं को सिलाई मशीन, 5 लाभार्थियों को ई-रिक्शा, 5 को आयुष्मान कार्ड एवं स्वयं सहायता समूहों को चेक प्रदान किए गए। मत्स्य कल्याण कोष योजना के तहत 3 लाभार्थियों को मोपेड व आइस बॉक्स भी दिए गए।
साथ ही प्रगतिशील किसानों, खिलाड़ियों एवं शिक्षाविदों को सम्मानित किया गया। वितरण समारोह में कैबिनेट मंत्री, जनप्रतिनिधि, मंडल व जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के कर्मचारी उपस्थित रहे।

More Stories
सिगरा स्टेडियम में न्यायिक अधिकारी बनाम अधिवक्ता मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मैचजिला जज संजीव शुक्ला करेंगे कप्तानी
चौकाघाट में अवैध मछली मंडी पर सख्ती, 8 विक्रेताओं पर FIR की सिफारिश
महाशिवरात्रि पर काशी तैयारकाशी विश्वनाथ धाम में उच्चस्तरीय बैठक, सुरक्षा–सुविधा को लेकर सख्त निर्देश