रवीन्द्रनाथ ठाकुर की कालजयी कृति ‘रक्तकरवी’ का सशक्त नाट्य मंचन 28 दिसंबर 2025, रविवार की संध्या 6:30 बजे रवीन्द्र भवन, पटना में किया गया। कार्यक्रम का आयोजन रवीन्द्र परिषद, पटना के तत्वावधान में सम्पन्न हुआ।
नाटक का निर्देशन वरिष्ठ रंगकर्मी डॉ. रंजन सिंह ने किया। उनके सधे हुए निर्देशन में नाटक ने दर्शकों को शुरू से अंत तक बाँधे रखा। नाटक में नंदनी की केंद्रीय भूमिका में श्रीमती रत्ना पाल का अभिनय विशेष रूप से सराहनीय रहा। उल्लेखनीय है कि रत्ना पाल पश्चिम बंगाल राज्य सम्मान से सम्मानित कलाकार हैं। उन्होंने पूर्व में संस्कृति दल के साथ चीन में भारत का प्रतिनिधित्व किया है तथा महामहिम राष्ट्रपति के समक्ष रवीन्द्र नृत्य की प्रस्तुति देकर देश की सांस्कृतिक परंपरा को अंतरराष्ट्रीय मंच पर गौरवान्वित किया है। अपने अनुभव, भावाभिव्यक्ति और सशक्त संवाद अदायगी के माध्यम से रत्ना पाल ने नंदनी के चरित्र को प्रभावशाली ढंग से मंच पर जीवंत किया, जिसे दर्शकों ने तालियों के साथ सराहा। नाटक ‘रक्तकरवी’ शोषण, सत्ता और मानवीय स्वतंत्रता जैसे विषयों को केंद्र में रखता है, जो आज के सामाजिक परिदृश्य में भी उतना ही प्रासंगिक है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कला और रंगमंच प्रेमी उपस्थित रहे।

More Stories
Vasile Carare का काशी दौरा
बना देश का पहला सरकारी अस्पताल जहां शुरू हुई नॉन-सीटी रोबोटिक घुटना सर्जरी
दुबई कनेक्शन पर कानून का शिकंजा