लखनऊ। उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। बरेली में दर्ज एक गंभीर आपराधिक मुकदमे में वांछित और ₹50,000 के इनामी अभियुक्त अफसार अहमद को एसटीएफ ने 10 दिसंबर 2025 की सुबह करीब 6:45 बजे नई दिल्ली के कालका रोड स्थित सपना स्टैंड के सामने से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्त अफसार अहमद प्रयागराज के सल्लाहपुर का निवासी है और मृतक माफिया अशरफ का सक्रिय सहयोगी बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, बरेली जेल में निरुद्ध अशरफ से वह नियमित रूप से मुलाकात करता था और अपने पहचान पत्र का इस्तेमाल कर अजहर, लल्ला गद्दी, गुड्डू मुस्लिम, साबिर और अरमान जैसे अन्य साथियों को भी जेल में मिलवाता था। इन्हीं मुलाकातों के दौरान गवाहों को डराने, धमकाने और हत्या की साजिशें रची जाती थीं।
अफसार अहमद पर थाना बिथरी चैनपुर, जनपद बरेली में दर्ज मु.अ.सं. 86/2023 में कई संगीन धाराएं लगी हैं, जिनमें
धारा 147, 384, 506, 201, 120बी, 195ए, 34, 119 भादवि,
7/8/13 पीसी एक्ट,
42बी/54 कारागार अधिनियम एवं 07 सीएलए एक्ट शामिल हैं। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लंबे समय से दिल्ली में छिपकर रह रहा था।
यह कार्रवाई एसटीएफ प्रयागराज इकाई द्वारा की गई, जो उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण एवं निरीक्षक जय प्रकाश राय के नेतृत्व में लगातार अभिसूचना संकलन कर रही थी। पुख्ता सूचना मिलने पर टीम ने दिल्ली में दबिश देकर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। बाद में उसे विधिक कार्रवाई के लिए थाना बिथरी चैनपुर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
अफसार अहमद का आपराधिक इतिहास
- मु.अ.सं. 206/2018, थाना कोखराज, जनपद कौशाम्बी — धारा 419/420/467/468/471 भादवि
- मु.अ.सं. 86/2023, थाना बिथरी चैनपुर, जनपद बरेली — संगीन धाराओं में वांछित
एसटीएफ अधिकारियों के अनुसार, गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की गतिविधियों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।

More Stories
Vasile Carare का काशी दौरा
बना देश का पहला सरकारी अस्पताल जहां शुरू हुई नॉन-सीटी रोबोटिक घुटना सर्जरी
दुबई कनेक्शन पर कानून का शिकंजा