वाराणसी में कड़ाके की ठंड का अलर्ट: जिला प्रशासन ने जारी की शीतलहर एडवाइजरी

वाराणसी।
जनपद में लगातार गिरते तापमान और आगामी दिनों में शीतलहर व पाला पड़ने की संभावना के मद्देनज़र जिला प्रशासन ने शीतलहर से बचाव को लेकर विस्तृत एडवाइजरी जारी की है। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे मौसम पूर्वानुमान पर नजर रखें और ठंड से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियाँ अपनाएँ।

स्वास्थ्य को लेकर दिशा-निर्देश
एडवाइजरी में लोगों को बाहर निकलते समय बहु-परत वाले ऊनी कपड़े पहनने, सिर, गर्दन, हाथ और पैरों को ढककर रखने तथा गर्म तरल पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी गई है। ठंड लगने, कंपकंपी, अंगों में सुन्नता जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सकीय सहायता लेने को कहा गया है।
हाइपोथर्मिया की स्थिति में प्रभावित व्यक्ति को गर्म स्थान पर ले जाने, गीले कपड़े बदलने, शरीर का ताप साझा करने और गर्म पेय देने की सलाह दी गई है, जबकि शराब सेवन और प्रभावित अंग की मालिश से बचने की चेतावनी दी गई है।

कृषि क्षेत्र के लिए सलाह
शीतलहर और पाला फसलों को नुकसान पहुँचा सकते हैं। इसे देखते हुए किसानों को बोर्डो मिश्रण या कॉपर ऑक्सी-क्लोराइड का छिड़काव करने, हल्की सिंचाई बनाए रखने, ठंड सहनशील किस्मों का चयन करने, पुआल या प्लास्टिक कवर से पौधों की सुरक्षा करने तथा स्प्रिंकलर सिंचाई अपनाने की सलाह दी गई है।

पशुपालन के लिए निर्देश
पशुओं को ठंड से बचाने के लिए पशुशालाओं को ढककर रखने, सूखी बिछावन उपलब्ध कराने, पौष्टिक चारा देने, ठंडा पानी न पिलाने और पशुओं को खुले स्थान पर न बाँधने की हिदायत दी गई है।

यातायात को लेकर सावधानी
वाहन चालकों को फॉग लाइट का प्रयोग करने, वाहनों पर रेडियम पट्टियाँ लगाने, प्राथमिक उपचार किट साथ रखने और तेज गति से वाहन न चलाने के निर्देश दिए गए हैं। दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट के साथ दस्ताने, चश्मा और गर्म कपड़े पहनकर ही बाहर निकलने की सलाह दी गई है।

जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, वाराणसी ने कहा है कि शीतलहर के संभावित प्रभावों से निपटने के लिए सभी नागरिक सतर्क रहें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

रॉयल शाइन टाइम्स पेपर के लिए खबर

About The Author

Share the News