काशी विश्वनाथ मंदिर के नाम पर ठगी का खेल खत्म‘सुगम दर्शन’ के फर्जी एजेंटों पर दशाश्वमेध पुलिस की बड़ी कार्रवाई

रॉयल शाइन टाइम्स | वाराणसी

वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर के आसपास श्रद्धालुओं से ठगी और जबरन वसूली करने वाले तथाकथित ‘सुगम दर्शन’ एजेंटों के खिलाफ दशाश्वमेध थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार को बॉसफाटक क्षेत्र से 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके अवैध धंधे पर विराम लगाया गया।

मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं से जबरन धन वसूली और विरोध करने पर दुर्व्यवहार की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर सभी आरोपियों को मौके से धर दबोचा।

गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम

  • गणेश जायसवाल
  • अमन कुमार
  • कैलाशनाथ पाण्डेय
  • रितेश पाण्डेय
  • वहीद अहमद
  • रामबली बिंद
  • रवि पाण्डेय

पुलिस के अनुसार, ये आरोपी श्रद्धालुओं को भ्रमित कर विशेष या शीघ्र दर्शन कराने का झांसा देते थे और उनसे पैसे वसूलते थे। मना करने या विरोध करने पर अभद्रता और दबाव बनाया जाता था।

इस कार्रवाई को थाना दशाश्वमेध की टीम ने अंजाम दिया, जिसमें निरीक्षक, उपनिरीक्षक व पुलिसकर्मी शामिल रहे।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर और आसपास किसी भी प्रकार की दलाली, अवैध कमाई या श्रद्धालुओं के साथ दुर्व्यवहार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आगे भी ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा।

About The Author

Share the News