एसडीओ के बंद मकान को चोरों ने खंगाला, 15 लाख रुपये के आभूषण व सामान पर किया हाथ साफ

शिवपुर (वाराणसी)।
श्यामपुरी कॉलोनी, ब्लॉक-ए निवासी हृदय नारायण सिंह (एसडीओ) के बंद पड़े मकान को चोरों ने निशाना बनाते हुए करीब 15 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण व कीमती सामान चोरी कर लिया। पीड़ित पिछले कई महीनों से अपने नए मकान गिरधर नगर में रह रहे थे।

जानकारी के अनुसार, श्यामपुरी कॉलोनी, मीरापुर बसही स्थित उनके तीन मंजिला पुराने मकान में रविवार 7 दिसंबर की शाम करीब 5 बजे कुछ सामान लेने पहुंचे तो मुख्य गेट का ताला टूटा मिला। अंदर जाने पर देखा गया कि सभी कमरों के ताले तोड़े गए थे और अलमारी व सामान बिखरा पड़ा था।

चोरों ने सोने की चूड़ियां (30 ग्राम), सोने का हार (20 ग्राम), झुमके, चेन, पांच सोने की अंगूठियां, चांदी के आभूषण, कीमती कपड़े, इंडक्शन, स्पीकर समेत अन्य घरेलू सामान उड़ा लिया। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है।

पीड़ित ने तत्काल 112 डायल कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने निरीक्षण किया। इसके बाद पीड़ित ने शिवपुर थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, शिवपुर क्षेत्र में बीते एक माह से चोरी की घटनाओं में तेजी आई है। लगातार हो रही वारदातों से लोगों में असुरक्षा की भावना है। क्षेत्रवासियों ने चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश और शीघ्र खुलासे की मांग की है।

About The Author

Share the News