उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को बड़ी सफलता मिली है। प्रतापगढ़ में अधिवक्ता भानू प्रताप पांडेय हत्याकांड में वांछित और ₹50,000 के इनामी अपराधी सच्चिदानंद पांडेय को लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया गया।
एसटीएफ के अनुसार, आरोपी पर थाना सांगीपुर, जनपद प्रतापगढ़ में मु.अ.सं. 202/2025 के तहत धारा 191(2), 191(3), 190, 115(2), 352, 351(3), 109(1), 131, 110 बीएनएस में मुकदमा दर्ज था। वह अधिवक्ता भानू प्रताप पांडेय की हत्या के मामले में फरार चल रहा था।
जानकारी के मुताबिक, सच्चिदानंद पांडेय ने पूछताछ में बताया कि उसके रिश्तेदार प्रधान देवदत्त शुक्ला और अन्य साथियों के साथ गांव के एक तालाब के कब्जे को लेकर अधिवक्ता भानू प्रताप पांडेय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में 22 अक्टूबर 2025 को उसने अपने साथियों के साथ मिलकर भानू प्रताप और उनके परिवार पर जानलेवा हमला किया था। घायल अधिवक्ता की 4 नवम्बर 2025 को इलाज के दौरान मौत हो गई थी।
एसटीएफ को सूचना मिली थी कि सच्चिदानंद पांडेय चारबाग रेलवे स्टेशन से ट्रेन पकड़कर फरार होने की फिराक में है। उपनिरीक्षक अतुल चतुर्वेदी और प्रदीप कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने घेराबंदी कर उसे सुबह करीब 7:30 बजे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने स्वीकार किया कि घटना के बाद वह लगातार छिपता रहा और गिरफ्तारी से बचने के लिए दूसरे शहर भागने की योजना बना रहा था। अब उसे प्रतापगढ़ पुलिस को सौंप दिया गया है, जहां आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

More Stories
Vasile Carare का काशी दौरा
बना देश का पहला सरकारी अस्पताल जहां शुरू हुई नॉन-सीटी रोबोटिक घुटना सर्जरी
दुबई कनेक्शन पर कानून का शिकंजा