क्रूज को हेलिकॉप्टर से घेरा, काशी में गूंजी कमांडो की हुंकार!NSG ने गंगा पर किया हाई-प्रोफाइल मॉक ड्रिल, आतंकी सर्च ऑपरेशन का रोमांचक रिहर्सल

वाराणसी के रविदास घाट पर रविवार सुबह गंगा किनारे एक ऐसा नजारा देखने को मिला जिसने हर किसी का ध्यान खींच लिया। ऊपर मंडराता हेलिकॉप्टर, नीचे गंगा की लहरों पर तैरता क्रूज और उस पर कार्रवाई करते एनएसजी (NSG) के कमांडो। यह किसी फिल्म की शूटिंग नहीं, बल्कि वास्तविक मॉक ड्रिल (रिहर्सल) थी।

मॉक ड्रिल के तहत सूचना दी गई कि ‘गंगोत्री क्रूज’ में आतंकी छिपे हैं और यात्रियों को बंधक बना लिया गया है। इसके बाद NSG, NDRF और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने तेजी से मोर्चा संभाला।
एनडीआरएफ ने बोट से क्रूज को चारों ओर से घेरा, वहीं हेलिकॉप्टर ऊपर से निगरानी करते हुए आतंकियों पर कार्रवाई का अभ्यास करता रहा। एनएसजी कमांडो ने क्रूज में प्रवेश कर “आतंकियों” को मार गिराने की ड्रिल पूरी की।

यह पूरा ऑपरेशन करीब एक घंटे तक चला, जिसके दौरान घाट पर सुरक्षा एजेंसियों ने बैरिकेडिंग कर आम लोगों को सुरक्षित दूरी पर कर दिया। कई लोगों ने इस दृश्य को अपने मोबाइल कैमरों में कैद भी किया।

सूत्रों के अनुसार, यह रिहर्सल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में सुरक्षा तैयारियों का जायजा लेने के लिए की गई थी। आगामी आयोजनों और पर्यटक सीजन को देखते हुए यह जांच की गई कि आपात स्थिति में सुरक्षा बल कितनी तेजी और प्रभावी तरीके से प्रतिक्रिया दे सकते हैं।

About The Author

Share the News