एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई: 245 तोते और 12 मोरों के साथ 4 वन्यजीव तस्कर गिरफ्तार, अंतरराज्यीय गैंग का पर्दाफाश

उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने अंतरराज्यीय स्तर पर वन्यजीवों की तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 245 प्रतिबंधित तोते (Rose Ring Parakeet) और 12 राष्ट्रीय पक्षी मोर (Indian Peafowl) बरामद किए गए।

यह कार्रवाई वाराणसी के राजा तालाब थाना क्षेत्र के रखौना चौराहा पर शुक्रवार की रात लगभग 9:55 बजे की गई।

गिरफ्तार आरोपी:

  1. वसीम उर्फ अरमान, निवासी आसनसोल, पश्चिम बंगाल
  2. आयूब, निवासी वर्धमान, पश्चिम बंगाल
  3. नितेश दिवाकर, निवासी कौशाम्बी
  4. अमन कुमार, निवासी प्रयागराज

बरामद सामान:

  • 12 मोर (Indian Peafowl)
  • 245 तोते (Rose Ring Parakeet)
  • 3 मोबाइल फोन
  • 1 इनोवा वाहन (UP70FR0489)
  • 3 पिंजरे, 5 प्लास्टिक झोले और ₹3,900 नकद

एसटीएफ को लंबे समय से संरक्षित वन्यजीवों की तस्करी से जुड़ी गतिविधियों की सूचना मिल रही थी। अपर पुलिस अधीक्षक सत्यसेन यादव के पर्यवेक्षण में निरीक्षक प्रमोद कुमार वर्मा के नेतृत्व में गठित टीम ने वन विभाग वाराणसी और वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो, गोरखपुर की सहायता से यह कार्रवाई की।

पूछताछ में मुख्य अभियुक्त वसीम उर्फ अरमान ने बताया कि वह कौशाम्बी निवासी पंकज से मोर ₹500 और तोते ₹100–₹200 में खरीदकर आसनसोल, कोलकाताbमें छोटे व्यापारियों को ऊंचे दामों पर बेचता था। वह पहले भी कई बार यह तस्करी कर चुका है।

गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की विभिन्न धाराओं और भारतीय वन अधिनियम 1927 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आगे की कार्रवाई वन विभाग द्वारा की जा रही है।

About The Author

Share the News