वाराणसी में सिर कुचलकर युवक की हत्या: सुबह-सुबह खून से लथपथ शव मिलने से मचा हड़कंप, फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी

वाराणसी के जैतपुरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह सनसनीखेज वारदात सामने आई। जलालीपुरा इलाके में एक युवक का सिर कुचलकर हत्या कर दी गई। सुबह जब स्थानीय लोगों ने खून से लथपथ शव देखा तो इलाके में हड़कंप मच गया।

मृतक की पहचान नौशाद (28 वर्ष), निवासी सरैया के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष बृजेश मिश्रा मय फोर्स मौके पर पहुँचे और क्षेत्र को सील कर फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया।

टीम ने घटनास्थल से खून के नमूने, जूते के निशान और पास में पड़े ईंट-पत्थरों को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
पुलिस के मुताबिक, नौशाद के सिर पर किसी भारी वस्तु से वार किया गया है। प्रारंभिक जांच में स्पष्ट हुआ कि हत्या काफी नजदीक से की गई है। फिलहाल हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद नहीं हुआ है।

जैतपुरा पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि यह पता चल सके कि नौशाद वहां कैसे पहुंचा और उसके साथ कौन लोग थे।
पुलिस को आशंका है कि हत्या किसी आपसी रंजिश या विवाद के चलते की गई है। बताया जा रहा है कि नौशाद पिछले कुछ दिनों से कुछ युवकों के साथ झगड़े में उलझा हुआ था।

फिलहाल पुलिस ने कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की पुष्टि होगी।

About The Author

Share the News