होली के दिन बूची गांव में खूनी संघर्ष, पुलिस गश्त पर उठे सवाल
रॉयल शाइन टाइम्स | पिंडरा/वाराणसी
पिंडरा क्षेत्र के सिंधोरा थाना अंतर्गत बूची गांव में होली के दिन डीजे पर नाचने को लेकर हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि होली के दिन क्षेत्र में पुलिस गश्त न होने के कारण मनबढ़ तत्वों का हौसला बढ़ा और मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। कुछ ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि क्षेत्र में दिन-रात प्रभावी गश्त नहीं होने से असामाजिक तत्व सक्रिय रहते हैं, जिससे ऐसी घटनाएं बढ़ रही हैं।
जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर करीब एक बजे गांव में होली के अवसर पर डीजे बज रहा था। इसी दौरान डीजे पर नाचने को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि कुछ लोगों ने लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया।
हमले में त्रिलोकी राम (55) के सिर में गंभीर चोट लग गई। उन्हें तत्काल वाराणसी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस घटना में राहुल (29), मुलायम (25), छेदी (42), फूलपत्ती (36) और जयप्रकाश (45) भी घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मंगारी गंगापुर में कराया गया।
मृतक त्रिलोकी राम पेशे से राजगीर मिस्त्री थे। उनके परिवार में पत्नी पुष्पा देवी, एक पुत्र राहुल और एक पुत्री फिंका देवी हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
मृतक के परिजनों ने नरमू, गुड्डू राजा, संदीप और गोविंदा के खिलाफ सिंधोरा थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गांव में तनाव को देखते हुए सिंधोरा थाने की पुलिस तैनात कर दी गई है।
बताया जा रहा है कि इससे पहले 26 जून को भी डीजे पर नाचने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था, जिसे गांव के सम्मानित लोगों के हस्तक्षेप से सुलझा लिया गया था। वहीं गांव में यह चर्चा भी है कि इस घटना के पीछे गोविंदा की भूमिका रही है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

More Stories
ड्यूटी के बाद रंगों में सराबोर हुई वाराणसी पुलिस, पुलिस लाइन में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई होली
वरुणा पार को बड़ी राहत: अब शिवपुर स्टेशन पर रुकेगी वरुणा एक्सप्रेस
रंगों के साथ जाम का भी जोर: होली पर काशी में 27 करोड़ की शराब बिक्री