काजीसराय ओवरब्रिज पर रोडवेज बस दुर्घटनाग्रस्त, चालक-परिचालक समेत पांच घायल

बड़ागांव/वाराणसी। थाना बड़ागांव क्षेत्र के हरहुआ पुलिस चौकी अंतर्गत मंगलवार देर रात एक सड़क हादसा हो गया। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की जौनपुर डिपो की रोडवेज बस काजीसराय बाजार स्थित ओवरब्रिज पर चढ़ते समय अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में चालक, परिचालक सहित तीन यात्री घायल हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार जौनपुर डिपो की बस संख्या UP78JT6973 लखनऊ से यात्रियों को लेकर रात लगभग 11 बजे जौनपुर रोडवेज पहुंची थी। बस के चालक राय कुमार भास्कर श्रीवास्तव (45) बस को खड़ी करने जा रहे थे, तभी रोडवेज इंचार्ज ने उसे बनारस ले जाने और सुबह दादर की सवारी लेकर वापस आने का निर्देश दिया। इसके बाद चालक और परिचालक शिवकुमार गुप्ता (42) छह यात्रियों को लेकर रात करीब 11:30 बजे जौनपुर से बनारस के लिए रवाना हुए।

रास्ते में तीन यात्री बाबतपुर में उतर गए। शेष तीन यात्रियों को लेकर बस जैसे ही हरहुआ पुलिस चौकी क्षेत्र के काजीसराय बाजार स्थित ओवरब्रिज पर चढ़ रही थी, तभी साइड से अचानक तेज रफ्तार कार आ गई। कार को बचाने के प्रयास में चालक बस से नियंत्रण खो बैठा और बस डिवाइडर पर चढ़कर टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे में चालक राय कुमार भास्कर श्रीवास्तव निवासी जफराबाद (जौनपुर), परिचालक शिवकुमार गुप्ता निवासी इमलो पांडेय पट्टी जफराबाद (जौनपुर) तथा यात्री रामकिशोर गुप्ता (65), मंगला द्विवेदी (65) और केशव कुमारी सिंह (65) निवासी नरही, हजरतगंज (लखनऊ) घायल हो गए।

सूचना मिलते ही बड़ागांव थाना अध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह व हरहुआ चौकी प्रभारी विवेकानंद द्विवेदी मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल सातो महुआ सेहमलपुर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों की हालत सामान्य है और किसी की स्थिति गंभीर नहीं है। चालक के परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए जौनपुर ले गए।

About The Author

Share the News