मिर्जापुर जनपद के जिगना थाना क्षेत्र के ग्राम तिवारीपुर कुशहा में बुधवार रात एक अजीबोगरीब मामला सामने आया। यहाँ एक परिवार ने अपनी बहू पर “भूत-प्रेत का साया” मानते हुए घर के अंदर झाड़-फूंक और टोटके के लिए विशेष चबूतरा बना लिया था।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, गांव के ही निवासी राम नारायण सिंह उर्फ शोभा सिंह पुत्र राजधर सिंह और रवि सिंह पुत्र श्रीनिवास सिंह ने अंधविश्वास के चलते यह चबूतरा तैयार करवाया था। बताया गया कि यह सब अपनी ही बहू पर झाड़-फूंक करने के उद्देश्य से किया जा रहा था।
गांव में जब यह बात फैली, तो ग्रामीणों ने इस अंधविश्वासी कृत्य का जोरदार विरोध किया। ग्रामीणों का कहना था कि ऐसे अंधविश्वासपूर्ण कार्यों से समाज में गलत संदेश जाता है और अनावश्यक भय का माहौल बनता है।
सूचना मिलते ही जिगना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों से संवाद कर स्थिति को शांत कराया। अंततः गांव वालों के समझाने और प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद स्वयं राम नारायण सिंह ने अपने हाथों से उस चबूतरे को स्वेच्छा से तोड़कर हटा दिया।
क्षेत्राधिकारी लालगंज ने बताया कि,
“यह मामला पूरी तरह अंधविश्वास से जुड़ा था। ग्रामीणों की जागरूकता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से स्थिति सामान्य रही। मौके पर अब शांति व्यवस्था कायम है।”
इस घटना ने एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि आधुनिक युग में भी अंधविश्वास की जड़ें ग्रामीण समाज में कितनी गहराई तक फैली हुई हैं।

More Stories
ड्यूटी के बाद रंगों में सराबोर हुई वाराणसी पुलिस, पुलिस लाइन में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई होली
वरुणा पार को बड़ी राहत: अब शिवपुर स्टेशन पर रुकेगी वरुणा एक्सप्रेस
रंगों के साथ जाम का भी जोर: होली पर काशी में 27 करोड़ की शराब बिक्री