लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा तथा आगामी गंगा महोत्सव और देव दीपावली को लेकर जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने गुरुवार को राजघाट समेत कई घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नगर निगम को घाटों की सिल्ट हटाने, साफ-सफाई को नियमित रूप से बनाए रखने और सभी स्ट्रीट लाइटों की जांच कर तत्काल दुरुस्ती के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए शुद्ध पेयजल, सार्वजनिक शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और बैरिकेडिंग की पर्याप्त व्यवस्था की जाए, ताकि पूजा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
डीएम ने यह भी कहा कि छठ पूजा स्थलों पर खोया-पाया केंद्र, पब्लिक एड्रेस सिस्टम और गहरे पानी वाले स्थानों पर चेतावनी संकेतक लगाए जाएं। उन्होंने यातायात व्यवस्था के सुचारू संचालन के लिए वाहनों की अलग पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने का आदेश दिया।
आगामी गंगा महोत्सव और देव दीपावली की तैयारियों के संदर्भ में उन्होंने राजघाट पर विशेष प्रकाश व्यवस्था, सांस्कृतिक मंच, गणमान्य अतिथियों के लिए दीये जलाने की तैयारी, तथा नावों के लिए अलग-अलग बोर्डिंग पॉइंट बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने घाट के ऊबड़-खाबड़ हिस्सों को समतल करने, पेंटिंग और सौंदर्यीकरण का कार्य तेज करने को कहा।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि छठ पूजा के समापन के तुरंत बाद सभी अधिकारी गंगा महोत्सव और देव दीपावली की ब्रांडिंग और तैयारियों में जुट जाएं। इस दौरान संयुक्त निदेशक पर्यटन दिनेश कुमार और सहायक निदेशक सूचना सुरेंद्र पाल को गंगा महोत्सव और देव दीपावली की ब्रांडिंग अभियान अभी से शुरू करने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त अक्षत वर्मा, एडीएम सिटी आलोक कुमार वर्मा, अपर नगर आयुक्त सविता यादव, और नगर निगम व जलनिगम के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

More Stories
ड्यूटी के बाद रंगों में सराबोर हुई वाराणसी पुलिस, पुलिस लाइन में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई होली
वरुणा पार को बड़ी राहत: अब शिवपुर स्टेशन पर रुकेगी वरुणा एक्सप्रेस
रंगों के साथ जाम का भी जोर: होली पर काशी में 27 करोड़ की शराब बिक्री