छठ और देव दीपावली से पहले बड़ा एक्शन! घाटों की सफाई को लेकर प्रमुख सचिव ने की समीक्षा बैठक — 150 पम्प लगेंगे, हर घाट पर बनेगी सफाई गैंग

नगर विकास विभाग के प्रमुख सचिव पी. गुरु प्रसाद ने गुरुवार को सर्किट हाउस सभागार में घाटों की सफाई और व्यवस्था को लेकर एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। आगामी डाला छठ और देव दीपावली पर्व के दृष्टिगत उन्होंने अधिकारियों को साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर सख्त निर्देश दिए।

बैठक में प्रमुख सचिव ने कहा कि घाटों पर जमी सिल्ट (गाद) की सफाई तेज की जाए। इसके लिए वर्तमान में लगाए गए 73 पम्प की संख्या बढ़ाकर 150 पम्प मशीनें लगाई जाएंगी, ताकि सफाई कार्य शीघ्र पूरा हो सके। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक घाट पर 10 कर्मचारियों की सफाई गैंग बनाई जाए जो नियमित रूप से घाटों की सफाई और निगरानी करेगी।

उन्होंने यह भी कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी प्रमुख घाटों पर चेंजिंग रूम की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा अतिरिक्त लाइटें लगाई जाएं, ताकि रात में किसी को असुविधा न हो। सभी कार्य गुणवत्ता और समय सीमा के भीतर पूरे किए जाने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे छठ और देव दीपावली के दौरान घाटों पर स्वच्छता, सुरक्षा और सुगमता सुनिश्चित की जा सके।

बैठक में आयुक्त वाराणसी मंडल एस. राज लिंगम, विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग, नगर आयुक्त अक्षत वर्मा, अपर नगर आयुक्त सविता यादव, विनोद कुमार गुप्ता, मुख्य अभियंता आर.के. सिंह, महाप्रबंधक जलकल अनूप सिंह, और नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.के. चौधरी सहित कई विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author

Share the News