शिवपुर में अपराधियों के हौसले बुलंद, महिला के गले से मंगलसूत्र लूटकर फरार स्कूटी सवार बदमाश

वाराणसी। शहर में बढ़ते अपराधों पर लगाम कसने के दावों के बीच शिवपुर थाना क्षेत्र में एक बार फिर अपराधियों ने पुलिस की चौकसी को चुनौती दी है। बीती सुबह करीब 7 बजे होलापुर निवासी कमला देवी के गले से स्कूटी सवार बदमाशों ने मंगलसूत्र नोच लिया और मौके से फरार हो गए।

सूत्रों के अनुसार, घटना के बाद स्थानीय युवकों ने बदमाशों का पीछा करने की कोशिश की। एक युवक ने स्कूटी पर डंडा भी मारा, जिससे बदमाश गिर गया, लेकिन वह दोबारा उठकर फरार हो गया।

बताया जा रहा है कि सूचना मिलते ही शिवपुर पुलिस और 112 टीम मौके पर पहुंची। हालांकि, बदमाशों का अब तक कोई सुराग नहीं लग पाया है।

गौरतलब है कि कुछ दिनों पूर्व भी शिवपुर थाना क्षेत्र में महिला से छिनैती की घटना हुई थी, जिसमें दो दिन बाद मुकदमा दर्ज किया गया था। लगातार हो रही लूट की घटनाओं से स्थानीय लोग शिवपुर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं।

चर्चा है कि परमानंदपुर में हुई पिछली लूट और आज की घटना — दोनों में सफेद रंग की स्कूटी का इस्तेमाल किया गया है, जिससे पुलिस के लिए यह एक अहम सुराग हो सकता है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि शिवपुर में पुलिस गश्त और पेट्रोलिंग बढ़ाने की सख्त जरूरत है।

About The Author

Share the News