धनतेरस और दीपावली जैसे प्रमुख त्योहारों के अवसर पर पुलिस अधीक्षक भदोही अभिमन्यु मांगलिक के दिशा-निर्देशन में जनपद भदोही पुलिस ने आम जनमानस के खोए हुए मोबाइल फोनों की बरामदगी हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। इस अभियान के दौरान कुल 166 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किए गए। बरामद मोबाइल फोनों की कुल अनुमानित कीमत ₹26,56,000 (छब्बीस लाख छप्पन हजार रुपये) आंकी गई है।
रिजर्व पुलिस लाइन्स, ज्ञानपुर सभागार में आयोजित समारोह में एसपी भदोही अभिमन्यु मांगलिक ने स्वयं मोबाइल स्वामियों को उनके फोन सौंपे। अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाकर नागरिकों ने पुलिस अधीक्षक भदोही और पूरी पुलिस टीम के प्रति गहरी कृतज्ञता व्यक्त की और उनकी जनसेवा भावना की सराहना की।
अपर पुलिस अधीक्षक भदोही शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में यह अभियान “मिशन शक्ति 5.0” के अंतर्गत चलाया जा रहा है। उन्होंने जनपद के सभी थानों में नियुक्त कंप्यूटर ऑपरेटरों को CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि गुम हुए मोबाइल फोनों का शीघ्र पता लगाया जा सके।
इस पोर्टल के माध्यम से पुलिस टीम सिम नंबर और लोकेशन जैसी ट्रेसबिलिटी डिटेल्स का विश्लेषण कर तेजी से कार्रवाई करती है। शिकायतें जनसुनवाई पोर्टल, डायल 112 और अन्य माध्यमों से प्राप्त होती हैं, जिन पर तत्काल कार्रवाई की जाती है।
थाना-वार मोबाइल बरामदगी:
- ज्ञानपुर – 19
- गोपीगंज – 30
- कोईरौना – 10
- भदोही – 20
- चौरी – 11
- औराई – 23
- ऊँज – 14
- सुरियावां – 29
- दुर्गागंज – 10
- कुल – 166 मोबाइल फोन बरामद
उल्लेखनीय है कि 01 जनवरी 2025 से 17 अक्टूबर 2025 तक भदोही पुलिस ने कुल 468 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत ₹75,80,000 है — जो पुलिस की प्रतिबद्धता और तकनीकी दक्षता का प्रमाण है।
भदोही पुलिस का यह प्रयास न केवल तकनीकी उपयोग की दिशा में सराहनीय कदम है, बल्कि यह नागरिक विश्वास और सुरक्षा का मजबूत उदाहरण भी प्रस्तुत करता है।

More Stories
Vasile Carare का काशी दौरा
बना देश का पहला सरकारी अस्पताल जहां शुरू हुई नॉन-सीटी रोबोटिक घुटना सर्जरी
दुबई कनेक्शन पर कानून का शिकंजा