वाराणसी। कैंट थाना क्षेत्र के भोजूवीर स्थित दूध सट्टी इलाके में शनिवार सुबह एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतक के चेहरे और शरीर पर चोटों के निशान पाए गए, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
सूचना मिलते ही कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। एसीपी कैंट नितिन तनेजा ने भी घटनास्थल का मुआयना किया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हादसे की वास्तविक वजह सामने आ सके।
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान बल्लू पुत्र जोगेंद्र, निवासी गोलघर कचहरी चौराहा, के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने अनुमान लगाया है कि युवक की मौत सड़क हादसे में हुई होगी। आशंका जताई जा रही है कि देर रात किसी तेज रफ्तार दूध वाहन ने उसे टक्कर मारी और चालक फरार हो गया।
परिजनों के अनुसार, बल्लू नशे का आदी था और अक्सर मंदिरों व चौराहों पर समय बिताता था। परिजनों ने अभी तक कोई तहरीर नहीं दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
एसीपी नितिन तनेजा ने बताया कि, “मामले की जांच की जा रही है, फुटेज के आधार पर जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।”

More Stories
ड्यूटी के बाद रंगों में सराबोर हुई वाराणसी पुलिस, पुलिस लाइन में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई होली
वरुणा पार को बड़ी राहत: अब शिवपुर स्टेशन पर रुकेगी वरुणा एक्सप्रेस
रंगों के साथ जाम का भी जोर: होली पर काशी में 27 करोड़ की शराब बिक्री