पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने भोजूबीर तिराहे पर नए ट्रैफिक डायवर्जन प्लान का किया निरीक्षण, जाम से मिलेगी राहत!

वाराणसी। शहर में सुगम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल ने सोमवार को भोजूबीर तिराहे पर लागू किए गए नए ट्रैफिक डायवर्जन प्लान का भौतिक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अर्दली बाजार से यूपी कॉलेज मार्ग पर लगने वाले ट्रैफिक जाम की समस्या को ध्यान में रखते हुए हाल ही में लगाए गए टायर किलर्स की व्यवस्था का भी जायजा लिया गया। यह व्यवस्था इस तरह की गई है कि अर्दली बाजार से सीधे यूपी कॉलेज की ओर जाने वाले वाहनों की आवाजाही नियंत्रित रहे, जिससे जाम की स्थिति न बने।

अब इस मार्ग पर आने-जाने वाले वाहनों को सदर तहसील तक जाकर यू-टर्न लेना होगा। पुलिस प्रशासन का मानना है कि यह बदलाव यातायात प्रवाह को सुचारु रखेगा और दुर्घटनाओं की संभावना कम करेगा।

निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने सड़क किनारे हुए अतिक्रमणों को जाम का प्रमुख कारण बताते हुए संबंधित विभागों से अतिक्रमण हटाने के निर्देश भी दिए हैं, ताकि सड़क की पूरी चौड़ाई यातायात के उपयोग में लाई जा सके।

आमजन से संवाद के दौरान नागरिकों ने नए डायवर्जन प्लान की सराहना करते हुए बताया कि इस व्यवस्था से जाम की समस्या में उल्लेखनीय कमी आई है और अब वाहनों का आवागमन काफी सुगम हो गया है।

पुलिस आयुक्त ने नागरिकों से अपील की कि वे नए डायवर्जन नियमों का पालन करें और प्रशासन को सहयोग दें, ताकि शहर में सुरक्षित, अनुशासित और निर्बाध यातायात व्यवस्था कायम रखी जा सके।

इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त यातायात अनिल कुमार यादव, अपर पुलिस उपायुक्त यातायात अंशुमान मिश्रा, संबंधित थाना प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे।

About The Author

Share the News