वाराणसी से बड़ी खबर | स्वर्वेद महामंदिर में करोड़ों का गबन उजागर

अकाउंटेंट और बैंक अधिकारी के भाई पर दो करोड़ से अधिक का गबन करने का आरोप!
वाराणसी के उमरहां स्थित स्वर्वेद महामंदिर ट्रस्ट में आर्थिक अनियमितताओं का बड़ा मामला सामने आया है। ट्रस्ट के अकाउंटेंट विवेक कुमार और उसके भाई अभिषेक कुमार (एचडीएफसी बैंक वाराणसी शाखा के क्रेडिट मैनेजर) पर दो करोड़ रुपये से अधिक की रकम गबन करने का आरोप लगा है।

ट्रस्ट के सदस्य सुरेंद्र यादव की तहरीर पर पुलिस ने गबन और धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। जांच के दौरान ट्रस्ट प्रबंधन ने पुलिस को फर्जी बैंक स्लिप, फर्जी मुहर और जाली हस्ताक्षर वाले दस्तावेज सौंपे हैं।

जानकारी के अनुसार, अकाउंटेंट विवेक श्रद्धालुओं की दानराशि बैंक में जमा करने का कार्य देखता था। 23 सितंबर 2025 को 20,000 रुपये जमा करने के नाम पर उसने फर्जी रसीद प्रस्तुत की, जबकि जांच में यह रकम खाते में जमा नहीं पाई गई। पुराने रिकॉर्ड खंगालने पर सभी बैंक रसीदें फर्जी निकलीं।

एचडीएफसी बैंक प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि रसीदों पर लगी मुहर और हस्ताक्षर नकली हैं। जांच में यह भी सामने आया कि दोनों भाइयों ने बैंक कर्मियों को रिश्वत देने की कोशिश की थी और बाद में सबूत मिटाने के लिए मोबाइल फॉर्मेट कर दिए।

प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि दोनों आरोपियों की तलाश जारी है, जल्द गिरफ्तारी की कार्रवाई होगी।

  • ट्रस्ट प्रबंधन ने पुलिस को सौंपे पुख्ता सबूत
  • फर्जी मुहर, जाली हस्ताक्षर से हुआ करोड़ों का गबन
  • दोनों आरोपी स्वर्वेद महामंदिर परिसर में ही रहते थे

About The Author

Share the News