आपकी सुरक्षा समाज की सुरक्षा है” — मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथमहर्षि वाल्मीकि प्रकट दिवस पर बोले सीएम — चरित्र और समर्पण ही राष्ट्र निर्माण का आधार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि “आपकी सुरक्षा समाज की सुरक्षा है, आपका सम्मान भगवान वाल्मीकि की विरासत का सम्मान है।”
उन्होंने घोषणा की कि अब सफाई कर्मियों के वेतन का भुगतान सीधे सरकार के कॉरपोरेशन से अकाउंट में होगा, न कि आउटसोर्सिंग कंपनी के माध्यम से। साथ ही उन्होंने कहा — “किसी सफाई कर्मचारी के साथ दुर्भाग्यपूर्ण घटना होने पर बैंक के माध्यम से 35-40 लाख रुपये तक की सहायता की व्यवस्था की जाएगी।”
सीएम ने यह भी बताया कि 80 हजार होमगार्ड्स को यह सुविधा पहले ही दी जा चुकी है और अब सफाईकर्मियों को भी इस कवर से जोड़ा जाएगा।

मुख्यमंत्री योगी इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित महर्षि वाल्मीकि प्रकट दिवस समारोह में शामिल हुए, जहां उन्होंने समाज के प्रति भगवान वाल्मीकि के योगदान और चरित्र आधारित जीवन दर्शन को प्रेरणास्रोत बताया।

सीएम ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि भारत के महान परंपराओं के भाग्य विधाता हैं। उन्होंने चरित्र, मर्यादा और समर्पण के माध्यम से लोककल्याण और राष्ट्रकल्याण का मार्ग दिखाया।
उन्होंने कहा — “स्वामी विवेकानंद ने विदेशियों से कहा था — तुम्हारी पहचान पहनावे से बनती है, पर हमारी पहचान चरित्र से बनती है।”

सीएम योगी ने समाज से अपील की —

“बच्चों को पढ़ाइए, स्कूल भेजिए। वे योग्य होंगे तो समाज का नेतृत्व करेंगे। कोई कार्य छोटा या बड़ा नहीं होता, हर कार्य समाज के निर्माण में योगदान देता है।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा सरकार के समय सफाई कर्मियों को 4000 रुपये तक नहीं मिलते थे, जबकि आज भाजपा सरकार में उन्हें बेहतर मानदेय, बीमा और सुरक्षा का लाभ मिल रहा है।
उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि “जो लोग श्रीराम का विरोध करते हैं, वे भगवान वाल्मीकि का भी अपमान करते हैं। सपा ने स्मारक और संस्थानों के नाम तक बदल दिए, लेकिन भाजपा ने उन्हें पुनः सम्मान दिलाया।”

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह, सांसद डॉ. दिनेश शर्मा, पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह, महापौर सुषमा खर्कवाल सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

“भक्ति भाव और चरित्रबल से सशक्त समाज ही आत्मनिर्भर और विकसित भारत का मार्ग प्रशस्त करेगा।” — योगी आदित्यनाथ

About The Author

Share the News