स्वच्छता के असली नायक बने सम्मान के अधिकारी — योगी ने किया स्वच्छता मित्रों का अभिनंदन

वाल्मीकि जयंती की पूर्व संध्या पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी में आयोजित “स्वच्छता मित्र सम्मान समारोह” में लगभग 500 सफाई कर्मियों (स्वच्छता मित्रों) का भव्य सम्मान किया। मुख्यमंत्री ने स्वच्छता मित्रों पर पुष्प वर्षा कर उन्हें अंगवस्त्रम, सेफ्टी कीट और मिष्ठान प्रदान किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा —

“जो सबके स्वास्थ्य की चिंता करते हैं, उनकी चिंता हमारी सरकार कर रही है।”

उन्होंने घोषणा की कि अब सभी सफाई कर्मियों को 5 लाख रुपये तक के निःशुल्क इलाज हेतु आयुष्मान कार्ड प्रदान किए जाएंगे। साथ ही यह भी व्यवस्था की जा रही है कि हर स्वच्छता कर्मी के बैंक खाते में 16 से 20 हजार रुपये प्रतिमाह सीधे जमा होंगे, जिससे किसी प्रकार के शोषण की गुंजाइश नहीं रहेगी।

मुख्यमंत्री ने स्वयं सफाई कर्मियों को भोजन प्रसाद परोसकर उन्हें पवाया, जिससे उनके चेहरे पर आत्मसम्मान और गर्व का भाव स्पष्ट झलक रहा था।

योगी आदित्यनाथ ने घोषणा की कि भगवान वाल्मीकि जयंती (7 अक्टूबर) को अब राष्ट्रीय अवकाश के रूप में मनाया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता ही स्वस्थ भारत की नींव है —

“स्वच्छ भारत अभियान अब स्वस्थ भारत और सशक्त भारत का प्रतीक बन चुका है।”

यह आयोजन पूर्व मंत्री व विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी द्वारा आयोजित 75 दिवसीय वार्ड प्रवास के समापन अवसर पर सरोजा पैलेस, कबीरचौरा में संपन्न हुआ। इस अवसर पर मंच पर राज्य मंत्री रवीन्द्र जायसवाल, डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, महापौर अशोक तिवारी, भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल, जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा —

“जो समाज स्वच्छता कर्मियों का सम्मान करता है, वही समाज प्रगति करता है।”

मुख्य आकर्षण:

500 स्वच्छता मित्रों पर पुष्पवर्षा
मुख्यमंत्री ने स्वयं परोसा भोजन प्रसाद
5 लाख का मुफ्त इलाज व प्रत्यक्ष वेतन योजना
वाल्मीकि जयंती को राष्ट्रीय अवकाश की घोषणा

About The Author

Share the News