हिस्ट्रीशीटर से ‘संदिग्ध पैकेट’ लेने वाले पूर्व कोतवाल पर 50 हज़ार का इनाम — तीन महीने से फरार, पुलिस अलर्ट

प्रतापगढ़।
जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है। निलंबित पूर्व नगर कोतवाल जयचंद्र भारती पर पुलिस विभाग ने ₹50,000 का इनाम घोषित किया है। यह इनाम आईजी अजय कुमार मिश्रा द्वारा घोषित किया गया है।

जानकारी के अनुसार, करीब तीन महीने पहले एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें हिस्ट्रीशीटर और तत्कालीन नगर कोतवाल जयचंद्र भारती की मुलाकात के दौरान एक संदिग्ध पैकेट लेते हुए फुटेज सामने आया था। वीडियो वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ गया था।

मामले का संज्ञान लेते हुए आईजी रेंज प्रयागराज अजय कुमार मिश्रा ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जयचंद्र भारती को निलंबित कर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। साथ ही, नगर कोतवाली में उनके विरुद्ध भ्रष्टाचार का मुकदमा भी दर्ज किया गया था।

जांच की जिम्मेदारी कौशांबी के सीओ शिवांक सिंह को सौंपी गई थी, जिन्होंने कई बार पूर्व कोतवाल के आवास पर दबिश दी, लेकिन जयचंद्र भारती हर बार पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए।

लगातार फरारी को देखते हुए अब पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी के लिए ₹50,000 का इनाम घोषित कर दिया है।
पुलिस का कहना है कि जो भी व्यक्ति उनकी लोकेशन या ठिकाने की जानकारी देगा, उसकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

About The Author

Share the News