वाराणसी। बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (IMS) के ट्रॉमा सेंटर ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी उत्कृष्टता का परचम लहराया है। ट्रॉमा सेंटर को “हेल्थकेयर एक्सीलेंस एंड लीडरशिप अवार्ड 2025” से सम्मानित किया गया है, जिसमें इसे “सेंटर ऑफ एक्सीलेंस इन ट्रॉमा सर्विसेज” के रूप में मान्यता मिली है।
यह प्रतिष्ठित सम्मान 5 अक्टूबर 2025 को पुणे (महाराष्ट्र) में आयोजित समारोह में प्रदान किया गया। इस अवार्ड के जरिए स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में ट्रॉमा सेंटर के असाधारण नेतृत्व, समर्पण और उत्कृष्ट योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया है।
देशभर के प्रमुख चिकित्सा संस्थानों की उपस्थिति में आईएमएस-बीएचयू ट्रॉमा सेंटर को यह सम्मान मिलना इस बात का प्रमाण है कि यह संस्थान न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे देश में ट्रॉमा केयर का विश्वसनीय केंद्र बन चुका है।
विशेष रूप से उल्लेखनीय है कि यह उपलब्धि पिछले 15 दिनों में ट्रॉमा सेंटर को मिला दूसरा राष्ट्रीय सम्मान है। लगातार मिल रही इस मान्यता ने इसे भारत के अग्रणी ट्रॉमा केयर संस्थानों में शामिल कर दिया है।
प्रो. सौरभ सिंह, प्रोफेसर इन-चार्ज, ट्रॉमा सेंटर, आईएमएस-बीएचयू ने कहा —
“यह सम्मान केवल संस्थान का नहीं बल्कि हमारे सभी डॉक्टरों, नर्सों और स्वास्थ्यकर्मियों की निरंतर मेहनत का परिणाम है, जो दिन-रात जीवन बचाने में जुटे रहते हैं। हमने ट्रॉमा केयर को उत्कृष्टता का मॉडल बनाने का संकल्प लिया है, जिसमें उन्नत तकनीक, अत्याधुनिक उपकरण और मरीज-प्रथम दृष्टिकोण हमारी प्राथमिकता है। लगातार दूसरी राष्ट्रीय मान्यता हमारे लिए गर्व और प्रेरणा दोनों है।”
इस उपलब्धि के साथ ट्रॉमा सेंटर, आईएमएस-बीएचयू ने अपने मिशन को दोहराया है — कि वह विश्वस्तरीय ट्रॉमा सेवाएं प्रदान कर पूर्वी भारत ही नहीं, पूरे देश में स्वास्थ्य उत्कृष्टता का प्रतीक बनेगा।

More Stories
ड्यूटी के बाद रंगों में सराबोर हुई वाराणसी पुलिस, पुलिस लाइन में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई होली
वरुणा पार को बड़ी राहत: अब शिवपुर स्टेशन पर रुकेगी वरुणा एक्सप्रेस
रंगों के साथ जाम का भी जोर: होली पर काशी में 27 करोड़ की शराब बिक्री