पिछले 24 घंटे से हो रही मूसलधार बारिश ने जिले के जलाशयों में पानी का स्तर खतरनाक रूप से बढ़ा दिया है। अहरौरा जलाशय में भारी जलभराव के कारण शनिवार सुबह आठ गेट दो-दो फीट खोल दिए गए। जलाशय की अधिकतम क्षमता 360 फीट है, जबकि सुबह 8 बजे तक जलस्तर 360.07 फीट तक पहुँच गया। इससे जमालपुर क्षेत्र में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। वर्तमान में बांध से लगभग 4000 क्यूसेक प्रति सेकेंड की दर से पानी छोड़ा जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि यदि बारिश का क्रम जारी रहा तो और गेट खोले जा सकते हैं।
इसी तरह, इमलिया चट्टी क्षेत्र स्थित जरगो जलाशय में भी पानी की आवक क्षमता से अधिक हो गई है। शनिवार सुबह 8 बजे तक जलस्तर 320.6 फीट दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम क्षमता 320 फीट है। स्थिति को देखते हुए बांध के दो गेट छह-छह इंच खोलकर लगभग 1400 क्यूसेक प्रति सेकेंड पानी की निकासी की जा रही है। जेई अजीत पटेल ने बताया कि जलाशय पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
वहीं, सिरसी बांध में भी पानी का स्तर तेजी से बढ़ गया है। फाटक के ऊपर से बहाव शुरू हो जाने के कारण बांध प्रबंधन ने सात गेट खोल दिए हैं, जिससे आसपास के गांवों में बाढ़ का खतरा और बढ़ गया है।
जिला प्रशासन ने चेतावनी जारी करते हुए निचले इलाकों के ग्रामीणों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की अपील की है। साथ ही, राजस्व और आपदा प्रबंधन टीमों को अलर्ट पर रखा गया है।

More Stories
ड्यूटी के बाद रंगों में सराबोर हुई वाराणसी पुलिस, पुलिस लाइन में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई होली
वरुणा पार को बड़ी राहत: अब शिवपुर स्टेशन पर रुकेगी वरुणा एक्सप्रेस
रंगों के साथ जाम का भी जोर: होली पर काशी में 27 करोड़ की शराब बिक्री