शहर में चल रहे पुलिस–अधिवक्ता विवाद के बीच एडीसीपी वरुणा नीतू कादयान के समर्थन में पुलिसकर्मियों ने सोशल मीडिया पर बड़ा अभियान छेड़ दिया है। बीते दो दिनों से पुलिस विभाग से जुड़े सैकड़ों कर्मी फेसबुक, इंस्टाग्राम और ‘एक्स’ (ट्विटर) सहित अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर उनके पक्ष में पोस्ट और स्टोरीज़ साझा कर रहे हैं।
पुलिसकर्मी #ipsNeetu, #VaranasiPolice और #GloryOfUPPolice जैसे हैशटैग का इस्तेमाल करते हुए नीतू कादयान को “गौरवशाली और अनुकरणीय अधिकारी” बता रहे हैं। कई कर्मियों ने अपने व्हाट्सऐप स्टेटस पर उनकी तस्वीरें और संदेश लगाकर भी समर्थन जताया।
फेसबुक पर वायरल हो रही पोस्ट में नीतू कादयान की तस्वीर के साथ फिल्म ‘सिंघम’ का बैकग्राउंड म्यूजिक इस्तेमाल किया गया है, जिसने अभियान को और ऊर्जावान बना दिया है। पोस्ट्स में लिखा गया है कि “नीतू कादयान जैसे अधिकारी पुलिस विभाग के लिए प्रेरणा हैं” और “हर पुलिसकर्मी उनके जैसा काम करने का सपना देखता है।” पुलिसकर्मियों ने उन्हें “वास्तविक अभिभावक” बताते हुए गर्व व्यक्त किया और लिखा, “यूपी पुलिस का अभिमान और गौरव हैं आप।”
इस हैशटैग अभियान को अधिवक्ता–पुलिस विवाद के बीच पुलिसकर्मियों की एकजुटता और मनोबल को मजबूत करने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है। पुलिस महकमे के भीतर इसे लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

More Stories
Vasile Carare का काशी दौरा
बना देश का पहला सरकारी अस्पताल जहां शुरू हुई नॉन-सीटी रोबोटिक घुटना सर्जरी
दुबई कनेक्शन पर कानून का शिकंजा